
गैस नहीं मिलने पर भड़के उपभोक्ता, पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर लगाया जाम
एक माह से बाधित है गैस आपूर्ति
तेज धूप में घंटों लाइन में लगे रहे उपभोक्ता
जसपाल नेगी
पौड़ी : नए बस अड्डे में घरेलू गैस सिलेंडर नहीं मिलने से मंगलवार को उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी गैस नहीं मिलने पर नाराज लोगों ने पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर जाम लगा दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
उपभोक्ताओं का कहना था कि रोस्टर के अनुसार सोमवार को गैस वितरण होना था, लेकिन उस दिन आपूर्ति नहीं की गई। मंगलवार को सुबह से ही लोग तेज धूप में लाइन में लगे रहे, मगर घंटों इंतजार के बावजूद सिलेंडर नहीं मिला। इससे लोगों का सब्र टूट गया और उन्होंने प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पिछले एक महीने से क्षेत्र में नियमित गैस आपूर्ति नहीं हो रही है, जिससे लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। गुस्साए उपभोक्ताओं ने सड़क पर बैठकर जाम लगाया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
सूचना मिलते ही पूर्ति विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने किसी तरह समझा-बुझाकर जाम खुलवाया और स्थिति को नियंत्रित किया।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए इंडेन गैस एजेंसी की ओर से होम डिलीवरी सेवा शुरू कर दी गई है। सोमवार को इसकी घोषणा की गई थी। अब उपभोक्ता गैस बुकिंग कर घर बैठे सिलेंडर प्राप्त कर सकेंगे।

