
उप स्वास्थ्य केंद्र, सड़क निर्माण और स्मृति द्वार का लोकार्पण, ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं
जसपाल नेगी पौड़ी। कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को पाबौं विकासखंड को 4.85 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करने के साथ कई गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं।
कैबिनेट मंत्री ने ग्राम बजवाड़ में 55.50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांवों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है और इस केंद्र के बनने से क्षेत्र की बड़ी आबादी को लाभ मिलेगा।
इसके बाद उन्होंने चमगांव तोक से बड़ियूं गांव तक 10.01 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सड़क संपर्क मार्ग का शिलान्यास किया। वहीं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 3.50 किलोमीटर लंबे पटोटी-माथोली मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं निर्माण कार्य का भी भूमि पूजन किया। 419.48 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस मार्ग से क्षेत्र में आवागमन आसान होगा और विकास कार्यों को गति मिलेगी।
त्रिलोक सिंह भंडारी स्मृति द्वार का किया लोकार्पण
डॉ. रावत ने ग्राम सलाना में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. त्रिलोक सिंह भंडारी की स्मृति में निर्मित स्मृति द्वार का भी लोकार्पण किया। इसके बाद उन्होंने सलाना, बड़ियूं, चमगांव और कालौं समेत विभिन्न गांवों में जनसंपर्क कर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि सरकार विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष विमल नेगी, पूर्व मंडल अध्यक्ष नरेंद्र भंडारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य पुष्पा नेगी, मंडल महामंत्री बलवीर सिंह, गंगा सिंह, रमेश भंडारी, मनवर सिंह रावत, राम सिंह रावत, विनोद नेगी, योगेंद्र भंडारी, आलम सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
