
विष्णुप्रयाग के पास टंया पुल क्षेत्र में चला रेस्क्यू अभियान
जोशीमठ/गोविंदघाट। विष्णुप्रयाग से करीब तीन किलोमीटर आगे टंया पुल के पास गुरुवार को एक युवक ने अचानक अलकनंदा नदी में छलांग लगा दी। तेज बहाव में बहते हुए युवक आगे जाकर नदी के बीच पत्थरों के बीच फंस गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू किए गए युवक की पहचान मोनिश (25), निवासी कर्नाटक के रूप में हुई है। बताया गया कि नदी का बहाव तेज होने के कारण बचाव कार्य आसान नहीं था। इसके बावजूद SDRF टीम ने रोप इक्विपमेंट और लाइफ जैकेट की मदद से युवक तक पहुंच बनाकर उसे सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया।
रेस्क्यू के बाद युवक को थाना प्रभारी गोविंदघाट के सुपुर्द किया गया, जहां से उसे उपचार के लिए गोविंदघाट अस्पताल भेजा गया। रेस्क्यू अभियान के सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद SDRF टीम सुरक्षित अपने कैंप लौट गई।
स्थानीय लोगों और प्रशासन ने SDRF की त्वरित कार्रवाई और साहसिक बचाव अभियान की सराहना की है।
