पौड़ी में दो पक्षों के विवाद के बाद बवाल, चार गिरफ्तार
जसपाल नेगी
पौड़ी : शहर के जेल गधेरे में गुरुवार को दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। नाई की दुकान चलाने वाले युवक ने दूसरे युवक पर कैंची से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने आरोपी की दुकान में तोड़फोड़ कर दी। हालात बिगड़ते देख पुलिस को मौके पर अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा। मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर शहर निवासी एक युवक और जेल गधेरे में नाई की दुकान चलाने वाले युवक के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान दुकान चलाने वाले युवक ने दूसरे युवक पर कैंची से हमला कर दिया। हमले में युवक के कान के पास चोट आई।
घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित पक्ष के लोग और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में कोतवाली पहुंच गए। वहां आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया गया। इसी बीच कुछ लोग आरोपी की दुकान तक पहुंच गए और वहां तोड़फोड़ कर दी। इससे कुछ देर के लिए इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया। आसपास के दुकानदारों ने भी एहतियात के तौर पर अपनी दुकानें बंद कर दीं।
घटना के बाद पीड़ित युवक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने दुकान के बाहर प्रदर्शन कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस ने मौके पर फोर्स तैनात कर दी और हालात पर नजर बनाए रखी।
मुकदमा दर्ज, चार आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि घटना में शामिल लोगों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।
पुलिस ने मामले में अब्दुल राऊफ (61) पुत्र शफीक अहमद, मुज्जमिल (51) पुत्र शफीक अहमद, मो. जायद (18) पुत्र मुज्जमिल और मो. आकिफ (23) पुत्र अब्दुल राऊफ, सभी निवासी अपर बाजार, को गिरफ्तार किया है।
