पौड़ी : चारधाम यात्रा में कंट्रोल रूम, ट्रैफिक और स्वास्थ्य व्यवस्थाएं होंगी चाक-चौबंद

Team PahadRaftar

डीएम ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश

 जसपाल नेगी

पौड़ी। आगामी चारधाम यात्रा को सुचारु, सुरक्षित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने गुरुवार को एनआईसी कक्ष में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।

बैठक में यात्रा कंट्रोल रूम के संचालन, स्टाफ तैनाती और नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ड्यूटी रोस्टर जल्द जारी किया जाए और तीनों कंट्रोल रूम पूरी तरह सक्रिय रखे जाएं। साथ ही हेल्पलाइन नंबर का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को भी कहा गया।

500 बसें और 5000 टैक्सी-मैक्सी वाहन रहेंगे उपलब्ध

परिवहन व्यवस्थाओं की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि चारधाम यात्रा के लिए ग्रीन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस वर्ष जनपद में करीब 500 बसें और 5000 टैक्सी/मैक्सी वाहनों की व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी ने सभी वाहनों का समय से सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ट्रैफिक प्लान पहले से किया जाएगा सार्वजनिक

यातायात व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने कहा कि ट्रैफिक प्लान पहले से सार्वजनिक किया जाए, ताकि होटल व्यवसायियों और अन्य संबंधित पक्षों को यात्रा मार्ग की जानकारी समय पर मिल सके। पुलिस विभाग को पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और जाम की स्थिति से निपटने के लिए पूर्व तैयारी रखने के निर्देश दिए गए।

संवेदनशील क्षेत्रों में मेडिकल राहत इकाइयां

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने लक्ष्मणझूला, कलियासौड़, भट्टीसेरा और नीलकंठ क्षेत्रों में चिकित्सा राहत इकाइयों की स्थापना और संचालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने इन क्षेत्रों में शिफ्टवार डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती, पर्याप्त एंबुलेंस व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत रखने पर जोर दिया।

शौचालय, सफाई और अतिक्रमण हटाने पर भी फोकस

स्थानीय स्तर पर व्यवस्थाएं मजबूत करने के लिए जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापार सभा, जनप्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों के साथ बैठक कर समन्वय बनाएं। साथ ही शौचालयों की सफाई, नियमित सफाई अभियान, अतिक्रमण हटाने और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा।

15 अप्रैल तक संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात होंगी जेसीबी

आगामी वर्षाकाल को देखते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों में 15 अप्रैल तक जेसीबी मशीनों की अग्रिम तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही अतिरिक्त पार्किंग स्थलों का चिन्हांकन करने और सड़कों पर अनावश्यक पार्किंग रोकने के भी निर्देश दिए गए।

पेयजल, शौचालय और रोशनी की भी होगी बेहतर व्यवस्था

बैठक में पेयजल, शौचालय और प्रकाश व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। पार्किंग स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में मोबाइल शौचालय लगाए जाएं और स्ट्रीट लाइटों की कार्यशीलता सुनिश्चित की जाए।

वैकल्पिक मार्गों के सुधार में तेजी लाने के निर्देश

सड़क और वैकल्पिक मार्गों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को वैकल्पिक मार्गों का निरीक्षण कर जल्द सुधार कार्य पूरा करने को कहा। साथ ही यमकेश्वर मार्ग के सुधारीकरण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक में सीओ तुषार बोरा, संभागीय परिवहन अधिकारी द्वारिका प्रसाद और विमल पांडे, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान प्रवीण सैनी, लोनिवि के विवेक कुमार सेमवाल, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा, परियोजना अधिकारी उरेडा चंद्रप्रकाश उपाध्याय और अधिशासी अधिकारी नगर पालिका पौड़ी संजय कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

Next Post

पीपलकोटी: रंगारंग प्रस्तुतियों से सजा हिमालयन चिल्ड्रन एकेडमी का वार्षिकोत्सव

बच्चों की प्रतिभा ने मोहा मन, शिक्षा के साथ संस्कार और संस्कृति पर दिया जोर पीपलकोटी, संवाददाता। चमोली जनपद के पीपलकोटी स्थित हिमालयन चिल्ड्रन एकेडमी का वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हो गया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों और प्रतिभा से उपस्थित […]

You May Like