चमोली : चारधाम यात्रा में लापरवाही पर गिरी गाज, दो सुरक्षा मित्रों को हटाया

Team PahadRaftar

चारधाम यात्रा में लापरवाही पर गिरी गाज, दो सुरक्षा मित्रों को हटाया

संजय कुंवर गोपेश्वर : चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में लापरवाही बरतना दो पीआरडी स्वयंसेवकों को महंगा पड़ गया। जिला प्रशासन ने पांडुकेश्वर में तैनात दो “पर्यटक सहायता एवं सुरक्षा मित्रों” को कार्यमुक्त करते हुए उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी अरविंद गौड़ ने बताया कि चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं के तहत पांडुकेश्वर में तैनात दोनों पीआरडी स्वयंसेवकों को यात्रियों और पर्यटकों की सहायता करने तथा उन्हें आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। समीक्षा के दौरान उनके कार्य में लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई की गई है।

उन्होंने बताया कि संबंधित स्वयंसेवकों द्वारा अपने दायित्वों का निर्वहन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी को दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

यात्रा व्यवस्थाएं प्रभावित न हों, इसके लिए दोनों स्वयंसेवकों के स्थान पर नए पीआरडी जवानों की तैनाती की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर यात्रा अनुभव प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रा ड्यूटी में किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

चमोली : ह्यूंणा - पोखनी मोटर पुल की डीपीआर में देरी पर ग्रामीणों का आक्रोश, चुनाव बहिष्कार की चेतावनी

जोशीमठ, संवाददाता। अलकनंदा नदी पर प्रस्तावित पाखी-ह्यूँणा- पोखनी मोटर पुल की डीपीआर शासन को न भेजे जाने पर क्षेत्र के ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है। ग्राम पंचायत पोखनी की प्रधान श्रीमती उषा देवी एवं उनके प्रतिनिधि अवतार सिंह भंडारी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी चमोली को ज्ञापन सौंपकर पुल […]

You May Like