
राज्य मंत्री ऐश्वर्या रावत ने की पूजा-अर्चना, रविवार को भावुक क्षणों में विदा होंगी भगवती नंदा
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ। तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ की घाटी के पर्यटक गांव सारी में शनिवार को भगवती नंदा का मेला पारंपरिक रीति-रिवाजों, पौराणिक जागरों और बगड़वाल नृत्य के साथ धूमधाम से मनाया गया। मेले में बगड़वाल नृत्य मुख्य आकर्षण रहा। राज्य मंत्री ऐश्वर्या रावत सहित ग्रामीणों, धियाणियों और पर्यटकों ने भगवती नंदा की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की खुशहाली और विश्व कल्याण की कामना की। रविवार को भगवती नंदा भावुक माहौल में सारी गांव से विदा होंगी।

देवरियाताल की तलहटी में बसे सारी गांव में शुक्रवार देर शाम भगवती नंदा अपनी परंपरागत यात्रा के तहत कांडा, हुड्डू, उषाड़ा और दैड़ा होते हुए अपने मामा के गांव पहुंचीं। यहां ग्रामीणों ने पंचायत चौक में पारंपरिक पूजा सामग्री अर्पित कर देवी से मनौतियां मांगीं। रातभर पौराणिक जागरों और पारंपरिक नृत्यों के माध्यम से भगवती नंदा की महिमा का गुणगान किया गया।
शनिवार सुबह ब्रह्मबेला में पंचांग पूजन के तहत भगवती नंदा, तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ सहित 33 कोटि देवी-देवताओं का आह्वान किया गया। रघुवीर नेगी, मुरली नेगी, दिलवर नेगी, दिलवर भट्ट, कुलदीप नेगी, रणजीत सिंह नेगी, अंकित सिंह नेगी, अशोक भट्ट और कलम भट्ट ने पौराणिक जागर गायन के माध्यम से भगवती नंदा के कैलाश गमन का वर्णन किया।

दोपहर बाद आयोजित बगड़वाल नृत्य में ग्रामीणों ने जीतू बगड़वाल, छोटा बगड़वाल, भगवती नंदा, सोबनी और मौलू-कामेण के पश्वाओं की भूमिका निभाई। इस दौरान ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने पारंपरिक लोक संस्कृति का आनंद लिया।
कार्तिकेय मंदिर समिति के अध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी और डॉ. हेमा पुष्पवाण सहित क्षेत्र के लोगों ने भी पूजा-अर्चना की। पूर्व सूचना अधिकारी गजपाल भट्ट ने बताया कि सारी गांव में भगवती नंदा के आगमन की परंपरा युगों पुरानी है। देवी के आगमन से ग्रामीणों में उत्साह और उमंग का माहौल रहता है। जागर गायिका नर्मदा देवी ने कहा कि भगवती नंदा की परंपरा क्षेत्र में खुशहाली और सामाजिक सौहार्द का संदेश देती है।
रविवार को भगवती नंदा के विदाई कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और धियाणियों के भावुक होने की संभावना है। इसके बाद देवी भगवान तुंगनाथ के शीतकालीन गद्दीस्थल मक्कूमठ पहुंचेंगी, जहां लोक मान्यता के अनुसार जगत कल्याण के लिए तपस्यारत होंगी।
इस मौके पर पूर्व कनिष्ठ प्रमुख नर्मदा देवी, ग्राम प्रधान विनोद नेगी, सुनीता मैठाणी, सुनीता देवी, पूर्व प्रधान संदीप पुष्पवाण, अंजना रावत, गुड्डी देवी, दलेब राणा, राजेश्वरी देवी, जसवीर नेगी, हुकुम सिंह रावत, प्रह्लाद राणा, प्रमिला देवी, शाखा देवी, अंकिता नेगी, तमन्ना नेगी और काजल राणा सहित धियाणियां, प्रवासी ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और पर्यटक मौजूद रहे।

