गोपेश्वर : सुरक्षित बचपन अभियान में बच्चों को बताए बाल अधिकार, साइबर सुरक्षा के गुर

Team PahadRaftar

पांच विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, गुड टच-बैड टच और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

पहाड़ रफ्तार संवाददाता, गोपेश्वर : सुरक्षित बचपन अभियान के तहत बाल विकास विभाग ने जिले के पांच विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को बाल अधिकार, व्यक्तिगत सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी। इस दौरान बच्चों को अनुचित व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाने और किसी भी समस्या की स्थिति में बेझिझक मदद लेने के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान के तहत राजकीय पीएम श्री इंटर कॉलेज देवधार ग्वाड़, राजकीय इंटर कॉलेज बैरागना, राजकीय जूनियर हाईस्कूल बमियाला, राजकीय हाईस्कूल दोगड़ी कांडई और राजकीय इंटर कॉलेज टंगसा में कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों को गुड टच-बैड टच का अंतर समझाते हुए बताया गया कि किसी भी तरह के अनुचित स्पर्श या व्यवहार की स्थिति में अभिभावकों अथवा शिक्षकों को तत्काल जानकारी दें।

कार्यक्रम में मोबाइल, इंटरनेट और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के साथ ऑनलाइन अपराधों से बचाव के तरीके बताए गए। विद्यार्थियों को व्यक्तिगत जानकारी गोपनीय रखने और इंटरनेट का सतर्कता से उपयोग करने की सीख दी गई।

जिला चिकित्सालय गोपेश्वर से पहुंचे उदय सिंह रावत ने विद्यार्थियों को एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक करते हुए बचाव के उपायों और इससे जुड़ी भ्रांतियों की जानकारी दी। वहीं, बाल अधिकार एवं संरक्षण के तहत बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान के महत्व से अवगत कराया गया। शोषण, उत्पीड़न या हिंसा की स्थिति में मदद के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और आपातकालीन सहायता नंबर 112 की जानकारी भी दी गई।

बालिकाओं को नंदा गौरा योजना और उच्च शिक्षा के अवसरों की जानकारी देते हुए शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वस्थ जीवनशैली और शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।

इस दौरान जेंडर स्पेशलिस्ट दिव्या रावत, केंद्र प्रशासिका रश्मि रावत, उदय सिंह रावत सहित संबंधित विद्यालयों के शिक्षक मौजूद रहे।

Leave a Reply

You May Like