
अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने धरना स्थगित करने की अपील की, समाधान के लिए उपसमिति गठित
संजय कुंवर
ऋषिकेश, 24 अक्टूबर। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अस्थायी कर्मचारियों की मांगों के समाधान के लिए तीन सप्ताह में कार्रवाई का भरोसा दिया गया है। शनिवार को ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप कार्यालय में बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में वन टाइम सेटलमेंट, समान कार्य-समान वेतन और सम्मानजनक वेतन वृद्धि पर चर्चा हुई। मांगों पर विचार के लिए उपसमिति गठित की गई। अध्यक्ष ने कर्मचारियों से धरना स्थगित करने की अपील की।
उपसमिति में बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और विजय कप्रवाण के साथ वित्त अधिकारी और मुख्य प्रशासनिक अधिकारी शामिल रहेंगे। समिति कर्मचारियों की सेवा संबंधी मांगों पर विचार कर समाधान की दिशा में कार्रवाई करेगी।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर पहल
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर बोर्ड की पहली बैठक से ही अस्थायी कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं। वन टाइम सेटलमेंट का मामला शासन के समक्ष उठाया गया है। समान कार्य-समान वेतन और सम्मानजनक वेतनमान देने की मांग पर भी विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अस्थायी कर्मचारी मंदिर समिति परिवार का अभिन्न अंग हैं और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता है।
द्विवेदी ने बताया कि कर्मचारियों के सामूहिक बीमा, ईपीएफ, स्थायी होने से पहले सेवानिवृत्त होने पर एक वर्ष के वेतन के बराबर धनराशि देने और असामयिक मृत्यु होने पर आश्रित परिवार को एकमुश्त सहायता देने के मुद्दों पर भी बोर्ड बैठक में निर्णय लिया गया है। इससे पहले 70 अस्थायी कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि की जा चुकी है।
दो सप्ताह से धरने पर कर्मचारी
वन टाइम सेटलमेंट, समान कार्य-समान वेतन और वेतन वृद्धि की मांग को लेकर बीकेटीसी के अस्थायी कर्मचारी पिछले दो सप्ताह से आंदोलन कर रहे हैं। बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के अलावा ऋषिकेश, ज्योतिर्मठ, ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ, कालीमठ सहित विभिन्न कार्यालयों में धरना दिया जा रहा है।
बैठक में मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार बीडी सिंह, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती व विजय कप्रवाण, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, वित्त अधिकारी हेम कांडपाल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजन नैथानी, विधि अधिकारी एसएस बर्त्वाल, मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ और कार्यालय प्रभारी संजय भट्ट सहित कर्मचारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।

