गोपेश्वर : पोषण माह संपन्न, चमोली में 7,308 गतिविधियां आयोजित

Team PahadRaftar

588 किशोरियों की हीमोग्लोबिन जांच, 20 बालिकाओं को बांटी स्वच्छता किट

कलम भंडारी/ अखिलेश सती 

गोपेश्वर। चमोली जिले में बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित पोषण माह का गुरुवार को समापन हो गया। जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने किया। पोषण माह के दौरान जिले के सभी 1,078 आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।

जिला कार्यक्रम अधिकारी संदीप अरोड़ा ने बताया कि अभियान के तहत गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, किशोरियों और बच्चों को संतुलित आहार, पर्याप्त पोषण तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। पोषण माह की थीम के अनुरूप स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों के उपयोग और प्रोटीनयुक्त आहार के महत्व की जानकारी दी गई। इस दौरान पोषण मटका, दादी अम्मा की रसोई, स्वास्थ्य जांच शिविर, गोद भराई, अन्नप्राशन और सुपोषण दिवस जैसी गतिविधियां आयोजित हुईं।

अभियान के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत प्रथम प्रसव के 139 और द्वितीय प्रसव के 50 लाभार्थियों के आवेदन लिए गए। वहीं, 56 लाभार्थियों की एनपीसीआई मैपिंग की गई। जिले के 11 इंटर कॉलेजों में 588 किशोरियों के हीमोग्लोबिन की जांच की गई, जबकि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने घर-घर जाकर 4,661 होम विजिट कीं।

विभाग के अनुसार, पोषण डैशबोर्ड पर कुल 7,308 गतिविधियां दर्ज की गईं और 2,359 सामुदायिक आधारित गतिविधियां आयोजित हुईं। बच्चों के वजन और स्वास्थ्य की जांच कर कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों को चिह्नित करते हुए आवश्यक सेवाओं से जोड़ा गया।

समापन कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागीय अधिकारियों, ब्लॉक कोऑर्डिनेटरों, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं और सुपरवाइजरों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर 20 बालिकाओं को स्वच्छता किट भी वितरित की गई।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सिंह पाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

You May Like