चमोली : ज्योतिर्मठ में पहली बार दिखी दुर्लभ ल्यूसिस्टिक हिमालयन बुलबुल

Team PahadRaftar

सफेद पंखों वाली बुलबुल की मौजूदगी से पक्षी प्रेमियों में उत्साह, ई-बर्ड पर भी दर्ज हुई साइटिंग

ज्योतिर्मठ : सीमांत क्षेत्र ज्योतिर्मठ में पक्षी अवलोकन के दौरान पहली बार दुर्लभ ल्यूसिस्टिक हिमालयन बुलबुल दिखाई दी है। सामान्य हिमालयन बुलबुल से अलग सफेद रंग के पंखों वाली इस पक्षी की मौजूदगी ने क्षेत्र के पक्षी प्रेमियों और बर्ड वाचिंग से जुड़े लोगों में उत्साह बढ़ा दिया है।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह बर्ड वाचिंग एक्सपर्ट संजय कुंवर ने बदरीनाथ बाईपास रोड स्थित सिंहधार क्षेत्र में इस दुर्लभ पक्षी को देखा। संजय कुंवर ने बताया कि बर्ड वाचिंग क्लब औली-ज्योतिर्मठ से जुड़े पक्षी प्रेमी आशीष डिमरी ने नरसिंह मंदिर रोड पर एक सफेद पक्षी दिखाई देने की सूचना दी थी। हालांकि, उस समय उसकी पहचान नहीं हो पाई थी। इसके बाद इस क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी गई।

रविवार सुबह भारतीय डाकघर ज्योतिर्मठ के समीप संतरे के पेड़ों पर बैठे इस पक्षी का अवलोकन किया गया। पहचान के बाद इसे ल्यूसिस्टिक हिमालयन बुलबुल के रूप में दर्ज किया गया। क्षेत्र में इस तरह की यह पहली साइटिंग मानी जा रही है। इस दुर्लभ पक्षी के दिखाई देने पर स्थानीय पक्षी प्रेमियों ने खुशी जताई। इस साइटिंग को ई-बर्ड प्लेटफॉर्म पर भी दर्ज किया गया है।

क्या है ल्यूसिज्म?

ल्यूसिज्म पक्षियों में पाई जाने वाली एक आनुवंशिक स्थिति है। इसमें शरीर के पंखों, त्वचा या शल्कों में रंगद्रव्य की आंशिक कमी के कारण उनका रंग सफेद या सामान्य से हल्का दिखाई देने लगता है। हालांकि, ल्यूसिस्टिक पक्षियों की आंखों का रंग सामान्य रहता है। यही विशेषता इन्हें एल्बिनो पक्षियों से अलग करती है।

विशेषज्ञों के अनुसार, प्रकृति में इस तरह के पक्षियों का दिखाई देना काफी दुर्लभ होता है। बर्ड वाचिंग के दौरान ऐसी साइटिंग पक्षी प्रेमियों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनती है। ज्योतिर्मठ में इस दुर्लभ पक्षी की मौजूदगी से क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता एक बार फिर चर्चा में आ गई है।

Leave a Reply

Next Post

गौचर : गांव की मिट्टी में तलाशा रोजगार का रास्ता, पलायन के दौर में लक्ष्मण सिंह रावत बने पहाड़ की उम्मीद

20 दुधारू गायों से डेयरी, कीवी से मशरूम तक खेती में विविधता का प्रयोग; ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने की मुहिम पहाड़ रफ्तार विशेष | गौचर पहाड़ की एक बड़ी विडंबना है। जिस मिट्टी में पीढ़ियों ने अपना जीवन बिताया, उसी मिट्टी को छोड़कर […]

You May Like