
पांचवें दिन सीता हरण लीला का हुआ मंचन, राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट ने मुख्य अतिथि के रूप में की शिरकत
लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ : शानेश्वर रामलीला समिति सिल्ला की ओर से आयोजित रामलीला के पांचवें दिन सीता हरण प्रसंग का मंचन किया गया। स्वर्ण मृग के आकर्षण से लेकर रावण के साधु वेश में माता सीता का हरण करने और जटायु के साथ युद्ध के दृश्यों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कलाकारों के सजीव अभिनय और प्रभावशाली संवादों पर दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं।

कार्यक्रम में राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा कि रामलीला हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है। भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, त्याग, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देता है। रामलीला के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का अवसर मिलता है।
जिला पंचायत सदस्य त्रियुगीनारायण अमित मैखण्डी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रामलीला जैसे आयोजन सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं। इससे स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच भी मिलता है।
मंचन में स्वर्ण मृग को देखकर माता सीता का आकर्षित होना, भगवान श्रीराम का उसके पीछे जाना और लक्ष्मण का कुटिया में रुकना जैसे प्रसंगों को जीवंत किया गया। इसके बाद साधु वेश में पहुंचे रावण द्वारा माता सीता का हरण करने और उनकी रक्षा के लिए जटायु के संघर्ष का प्रभावशाली मंचन हुआ। जटायु-रावण युद्ध के दृश्य ने दर्शकों को भावुक कर दिया।
समिति अध्यक्ष महावीर सिंह रावत ने कहा कि ग्रामीणों के सहयोग से रामलीला को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य धार्मिक परंपराओं के साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना है।
रामलीला का निर्देशन पुरुषोत्तम नौटियाल और मेधनीधर पुरोहित कर रहे हैं। संगीत में शंकर सिंह नेगी, आयुष भट्ट, सुदर्शन पुरोहित और बीर सिंह नेगी सहयोग दे रहे हैं। संचालन अंकित पुरोहित ने किया।
इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य बीर सिंह बुडेरा, भाजपा अगस्त्यमुनि मंडल अध्यक्ष मनोज राणा, क्षेत्र पंचायत सदस्य गायत्री देवी, सावन नेगी, राजेंद्र प्रसाद पुरोहित, प्रसाद पुरोहित, सुरेंद्र सिंह नेगी, बाबी नेगी और राकेश नौटियाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

