
ग्रामीणों, पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया संयुक्त रेस्क्यू अभियान, एक युवक को आई हल्की
चोट गिरीश चंदोला
चमोली /थराली : सिमली-ग्वालदम मोटर मार्ग पर गुरुवार शाम थाला गधेरे के समीप एक बोलेरो अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में चार युवक सवार थे। बोलेरो के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के बावजूद चारों युवकों की जान बच गई। इनमें एक युवक को कमर में हल्की चोट आई है।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा नंबर की बोलेरो ग्वालदम से कर्णप्रयाग की ओर जा रही थी। गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे थाला गधेरे के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे बोलेरो सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस व तहसील प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से खाई में रेस्क्यू अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे चारों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद 108 एंबुलेंस सेवा से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया।
वाहन में सवार युवकों की पहचान तनिष्क (21) पुत्र अजय सिंह, लोकेश पवार (20) पुत्र नंदकिशोर, सुभाष (20) पुत्र किशन सिंह और यश राधव (21) पुत्र हरविंदर, निवासी गुड़गांव, हरियाणा के रूप में हुई है।
ग्वालदम चौकी प्रभारी लक्ष्मण नेगी ने बताया कि दुर्घटना में घायल चारों युवकों को सुरक्षित रेस्क्यू कर उपचार के लिए सीएचसी थराली भेजा गया। एक युवक को कमर में हल्की चोट आई है, जबकि अन्य तीन सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि हादसे में बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
