जोशीमठ : हिमालय बचाओ अभियान के तहत छात्र-छात्राओं ने ली संरक्षण की शपथ

Team PahadRaftar

हिमालय बचाओ अभियान के तहत छात्र-छात्राओं ने ली संरक्षण की शपथ

संजय कुंवर जोशीमठ। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं नमामि गंगे के संयुक्त तत्वावधान में हिमालय बचाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ शैक्षिक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने हिमालय और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम अधिकारी राष्ट्रीय सेवा योजना डॉ. विवेक रावत ने उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं एवं कर्मचारियों को हिमालय बचाओ अभियान की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पंकज कुमार ने कहा कि हिमालय केवल शक्ति और प्राकृतिक संसाधनों का स्रोत नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की महत्वपूर्ण धरोहर है। इसका संरक्षण वर्तमान के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए भी बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि हिमालय और उसकी प्रकृति की रक्षा करना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। हिमालयी पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तो मानव जीवन और पारिस्थितिकी तंत्र भी सुरक्षित रहेंगे। उन्होंने छात्र-छात्राओं से पर्यावरण संरक्षण को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

You May Like