चमोली : 1078 आंगनबाड़ी केंद्रों में होगा ‘आंगन का मिलन’, तैयारियों की समीक्षा

Team PahadRaftar

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां विभाग की मजबूत रीढ़, विषम परिस्थितियों में निभा रहीं महत्वपूर्ण जिम्मेदारी : रेखा आर्या

केएस असवाल

कर्णप्रयाग। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने सोमवार को कर्णप्रयाग ब्लॉक सभागार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित होने वाले ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और अधिक से अधिक लाभार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि चमोली जिले के सभी नौ विकासखंडों के 1078 आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े लाभार्थियों को महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग भी उपलब्ध कराया जाएगा।

पोषण और बाल विकास योजनाओं की दी जाएगी जानकारी

मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि वर्तमान में पोषण माह भी चल रहा है। ऐसे में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों, गर्भवती और धात्री महिलाओं सहित अन्य लाभार्थियों को पोषण एवं बाल विकास से जुड़ी सेवाओं के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो और सभी तैयारियां पहले से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि यह प्रदेशभर में आयोजित होने वाला महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, इसलिए इसमें किसी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

‘आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां विभाग की मजबूत रीढ़’

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां महिला एवं बाल विकास विभाग की मजबूत रीढ़ हैं। विषम भौगोलिक परिस्थितियों और अनेक चुनौतियों के बावजूद वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं। महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं और सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।

सफाई वाहनों को दिखाई हरी झंडी

इससे पहले मंत्री ने नगर पालिका कर्णप्रयाग में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सफाई वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि नए वाहनों के संचालन से नगर के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित कूड़ा उठान और सफाई व्यवस्था को अधिक सुचारु बनाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। नागरिक अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें और कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें। जनभागीदारी से ही कर्णप्रयाग को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित नगर बनाया जा सकता है।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, नगर उपाध्यक्ष राकेश खंडूरी, भाजपा महामंत्री विनोद कनवासी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, जिला कार्यक्रम अधिकारी हिमांशु बडोला, बाल विकास परियोजना अधिकारी शिवि गर्ग, खंड विकास अधिकारी पवन कंडारी सहित संबंधित अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

गोपेश्वर : लाभ अर्जन में जिला सहकारी बैंक चमोली-रुद्रप्रयाग प्रदेश में अव्वल

32.97 करोड़ का सकल और 22.57 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ, एनपीए में भी आई कमी संजय कुंवर गोपेश्वर। वित्तीय वर्ष 2025-26 में लाभ अर्जन के मामले में जिला सहकारी बैंक चमोली-रुद्रप्रयाग ने प्रदेश के जिला सहकारी बैंकों में पहला स्थान हासिल किया है। बैंक ने इस अवधि में 32.97 […]

You May Like