चमोली पुल से अलकनंदा में कूदी 16 वर्षीय किशोरी, तलाश में जुटी पुलिस और एसडीआरएफ
गोपेश्वर। दशोली ब्लॉक के सिरों गांव की 16 वर्षीय किशोरी ने सोमवार दोपहर चमोली पुल से अलकनंदा नदी में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। नदी का बहाव तेज होने के कारण बचाव दल को किशोरी की तलाश में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार सिरों गांव निवासी हरेंद्र सिंह बिष्ट की 16 वर्षीय बेटी अंशिका बिष्ट ने सोमवार दोपहर करीब एक बजे चमोली पुल से अलकनंदा नदी में छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी के संभावित क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू किया।
परिजनों के मुताबिक अंशिका 28 अगस्त से घर से लापता थी। परिजन उसकी लगातार तलाश कर रहे थे। सोमवार को उसके अलकनंदा नदी में छलांग लगाने की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम नदी के तटीय क्षेत्रों के साथ ही संभावित स्थानों पर सर्च अभियान चला रही है। तेज बहाव के चलते अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। पुलिस घटना के कारणों की भी जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस का पूरा ध्यान किशोरी की तलाश में चल रहे सर्च ऑपरेशन पर केंद्रित है।
