बासुकीताल ट्रैक पर पांच ट्रैकर्स लापता, हेलीकॉप्टर सर्च स्थगित
लक्ष्मण नेगी रुद्रप्रयाग : केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक रूट पर गए पांच सदस्यीय ट्रेकिंग दल से संपर्क टूटने के बाद खोजबीन शुरू कर दी गई है। दल 25 सितंबर को केदारनाथ-बासुकीताल होते हुए ऑडिन कोल के रास्ते गंगोत्री जाने के लिए रवाना हुआ था। परिजनों से संपर्क नहीं होने पर जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (डीईओसी) रुद्रप्रयाग को सूचना दी गई।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस नियंत्रण कक्ष, वन्यजीव प्रभाग गोपेश्वर और 40वीं वाहिनी पीएसी से समन्वय किया गया। इसके बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र देहरादून के निर्देश पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और वन विभाग की टीमों ने ट्रैक रूट पर खोज अभियान शुरू किया।
लापता ट्रैकर्स में अमित फर्सवाण (40वीं वाहिनी पीएसी, हरिद्वार), नवीन रावत (40वीं वाहिनी पीएसी, रुद्रप्रयाग), प्रवेश चौहान (फोरेस्टर, उत्तरकाशी), विवेक (जग्गी बगवान निवासी) और संजय सिंह रावत (पशुपालन विभाग, केदारनाथ) शामिल हैं।
जिलाधिकारी के निर्देश पर यूकाडा के सहयोग से हेलीकॉप्टर से भी हवाई सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन उच्च हिमालयी क्षेत्र में खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण इसे स्थगित करना पड़ा। प्रशासन के अनुसार मौसम अनुकूल होने पर बुधवार सुबह दोबारा हेलीकॉप्टर से खोज अभियान चलाया जाएगा। वहीं, जमीनी स्तर पर रेस्क्यू टीमें ट्रैक रूट पर लगातार खोजबीन में जुटी हैं।

