चमोली : जोशीमठ को बनाया जाए बदरीनाथ यात्रा का मुख्य पड़ाव

Team PahadRaftar

होटल एसोसिएशन ने रोपवे जल्द शुरू करने और औली में शौचालय बनाने की उठाई मांग

संजय कुंवर, ज्योतिर्मठ। बदरीनाथ धाम की द्वितीय चरण की यात्रा को व्यवस्थित करने को लेकर होटल एसोसिएशन की बैठक हुई। अध्यक्ष अजय भट्ट की अध्यक्षता में हुई बैठक में यात्रा व्यवस्था, यातायात और पर्यटन सुविधाओं को लेकर चर्चा की गई। एसोसिएशन ने जोशीमठ को बदरीनाथ धाम यात्रा का मुख्य पड़ाव स्थल बनाने और 2023 से बंद जोशीमठ-औली रोपवे का संचालन जल्द शुरू करने की मांग की।

अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि जोशीमठ बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब यात्रा का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में इसे बदरीनाथ यात्रा का मुख्य पड़ाव घोषित किया जाना चाहिए। उन्होंने तीर्थयात्रियों के लिए जोशीमठ में एक रात के विश्राम की व्यवस्था पर सरकार से विचार करने की मांग की। कहा कि इससे ऊंचाई के कारण होने वाली स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों को कम करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने नगर क्षेत्र में सड़क किनारे चल रहे सुरक्षात्मक कार्यों के कारण यात्रा सीजन में लग रहे जाम को देखते हुए यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की भी मांग की।

रोपवे को बताया पर्यटन की रीढ़

उपाध्यक्ष सुभाष डिमरी ने कहा कि जोशीमठ-औली रोपवे पर्यटन की रीढ़ है। वर्ष 2023 से बंद पड़े रोपवे का विशेषज्ञों की टीम से दोबारा निरीक्षण कराया जाए और आवश्यक सुरक्षा मानकों की जांच के बाद इसका संचालन जल्द शुरू किया जाए।

बैठक में अनिल सकलानी ने औली में शौचालयों की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि शौचालय नहीं होने से पर्यटकों को परेशानी हो रही है। औली में पर्याप्त शौचालयों का निर्माण कराया जाना चाहिए, ताकि खुले में शौच की समस्या पर रोक लग सके और पर्यटन स्थल की स्वच्छता बनी रहे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के चारधाम यात्रा सलाहकार माधव प्रसाद सेमवाल का स्वागत किया गया। उन्होंने होटल एसोसिएशन की समस्याओं और मांगों को सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। बैठक में बीकेटीसी सदस्य राकेश भंडारी, भगवती प्रसाद नंबूदरी, लालमणि सेमवाल, विकेश डिमरी समेत कई लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

ऊखीमठ : मदमहेश्वर धाम के हक-हकूक की बहाली और माणा सरस्वती मंदिर के संरक्षण की मांग

मांगें पूरी न होने पर भैरव सेना ने दी चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। द्वितीय केदार श्री मदमहेश्वर धाम के हक-हकूकधारियों के पारंपरिक अधिकारों की बहाली और चमोली जिले के माणा स्थित मां सरस्वती मंदिर के संरक्षण की मांग को लेकर भैरव सेना संगठन (देवभूमि भैरव वाहिनी) ने […]

You May Like