
दशज्यूला महोत्सव के दूसरे दिन विद्यालयी प्रस्तुतियों और लोकगीतों ने बांधा समां, केदारघाटी मंडाण ग्रुप की नृत्य नाटिका रही आकर्षण का केंद्र
लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। दशज्यूला क्षेत्र की हृदयस्थली जागतोली की सुरम्य वादियों में पांच दिवसीय जागतोली दशज्यूला महोत्सव के दूसरे दिन लोक संस्कृति के रंग खूब बिखरे। विशाल खेल मैदान में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों के साथ लोक गायक मुकेश हटवाल के लोकगीतों ने दर्शकों को देर तक बांधे रखा। वहीं आचार्य कृष्णानंद नौटियाल के निर्देशन में केदारघाटी मंडाण ग्रुप की नृत्य नाटिका विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व विधायक मनोज रावत और विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों ने दशज्यूला क्षेत्र की लोक संस्कृति और परंपराओं को मंच देने के लिए आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की।
महोत्सव में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने लोकगीत, लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पहाड़ की संस्कृति, रीति-रिवाज और लोकजीवन की झलक प्रस्तुत की। इसके बाद लोक गायक मुकेश हटवाल ने लोकगीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को और रंगीन बना दिया।
पूर्व विधायक मनोज रावत ने कहा कि मेले मिलन और आपसी सौहार्द के पर्व होते हैं। ऐसे आयोजनों से सामाजिक एकता मजबूत होती है। नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत ने कहा कि दशज्यूला क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य से समृद्ध है और यहां तीर्थाटन व पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं।
केदारघाटी मंडाण ग्रुप की नृत्य नाटिका ने मोहा मन
कार्यक्रम में केदारघाटी मंडाण ग्रुप की नृत्य नाटिका ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। पारंपरिक वेशभूषा, लोक संगीत, नृत्य और अभिनय के समन्वय से कलाकारों ने पहाड़ की सांस्कृतिक विरासत को मंच पर जीवंत कर दिया।
महोत्सव अध्यक्ष जयवर्धन काण्डपाल ने बताया कि आगामी दिनों में भी विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम और गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक संख्या में पहुंचकर महोत्सव को सफल बनाने का आह्वान किया। महासचिव कालिका काण्डपाल ने अतिथियों और दर्शकों का आभार जताया। संचालन राजेंद्र काण्डपाल, वीरेंद्र बर्त्वाल और नमिका काण्डपाल ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष अगस्त्यमुनि राजेंद्र प्रसाद गोस्वामी, जिला पंचायत सदस्य कंडारा अजयवीर भंडारी, चोपता संपन्न नेगी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य कुलदीप कंडारी, कुंवर सजवाण, बल्देव नेगी, व्यापार संघ अध्यक्ष चोपता योगंबर कुनियाल सहित जनप्रतिनिधि, महोत्सव समिति पदाधिकारी, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।

