पौड़ी : नई किताबों के साथ बच्चों ने शुरू की उम्मीदों की नई पारी

Team PahadRaftar

प्रवेशोत्सव में मुस्कान, स्वागत और उत्साह के बीच पौड़ी के स्कूलों में नए सत्र का आगाज

जसपाल नेगी 

पौड़ी : स्कूल का पहला दिन… नए बैग, नई कक्षा, नए दोस्त और हाथों में नई किताबें। जिले के सरकारी स्कूलों में बुधवार को कुछ ऐसा ही उत्साहपूर्ण और खुशगवार माहौल देखने को मिला। प्रवेशोत्सव के साथ शुरू हुए नए शैक्षिक सत्र ने बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी। सबसे खास बात यह रही कि इस बार सत्र के पहले ही दिन बच्चों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध करा दी गईं, जिससे उनकी पढ़ाई की शुरुआत बिना किसी इंतजार के हो सकी।

जिले के प्राथमिक से लेकर इंटरमीडिएट तक सभी राजकीय विद्यालयों में बच्चों का आत्मीय स्वागत किया गया। कहीं फूल-मालाओं से अभिनंदन हुआ, तो कहीं नई कक्षा में पहुंचने की खुशी बच्चों की आंखों में साफ झलक रही थी। किताबें हाथ में आते ही कई बच्चों ने उत्सुकता से उनके पन्ने पलटने शुरू कर दिए।

जनपद स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय संख्या-पांच, पौड़ी में किया। उन्होंने बच्चों को अपने हाथों से पुस्तकें वितरित कीं और उनसे आत्मीय संवाद किया। इस दौरान विद्यालय परिसर में उल्लास, उत्साह और अपनत्व का माहौल बना रहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों को समय पर पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराना केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत शुरुआत है। उन्होंने कहा कि जब बच्चे पहले दिन से ही किताबों के साथ पढ़ाई शुरू करते हैं तो उनमें सीखने का उत्साह और आत्मविश्वास दोनों बढ़ते हैं।

उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी विद्यालयों में पुस्तक वितरण की प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी की जाए, ताकि किसी भी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित न हो। साथ ही उन्होंने विद्यालयों में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल सुविधाएं बढ़ाने पर भी जोर दिया और झूले व फिसलपट्टी लगाने का प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए।

जिला शिक्षाधिकारी (प्रारंभिक) अंशुल बिष्ट ने बताया कि जिले के सभी विद्यालयों में प्रवेशोत्सव के साथ पुस्तक वितरण सुनिश्चित किया गया है। उनका कहना था कि समय पर किताबें मिलने से बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा और शैक्षणिक सत्र की शुरुआत प्रभावी ढंग से हो सकेगी।

नए सत्र के पहले दिन स्कूलों में दिखा यह उत्साह इस बात का संकेत भी है कि यदि व्यवस्थाएं समय पर हों, तो बच्चों के भीतर सीखने की खुशी और विद्यालयों के प्रति लगाव दोनों और मजबूत हो सकते हैं।

पौड़ी में प्रवेशोत्सव के दौरान बच्चों को नई पाठ्य पुस्तकें वितरित करतीं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया।

Next Post

चमोली : पहले ही दिन पढ़ाई पटरी पर, डीएम ने छात्राओं के हाथों में थमाईं किताबें

जीजीआईसी गोपेश्वर से दिया संदेश – अब शिक्षा में नहीं चलेगी ढिलाई, मेहनत ही बनाएगी पहचान केएस असवाल  चमोली :  नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के पहले ही दिन GGIC गोपेश्वर में पढ़ाई ने रफ्तार पकड़ ली। छात्राओं के हाथों में निःशुल्क किताबें पहुंचीं तो शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार और […]

You May Like