सिमली बेस अस्पताल में शुरू हुई अल्ट्रासाउंड जांच सुविधा, मरीजों को मिली बड़ी राहत
केएस असवाल चमोली। सिमली महिला बेस अस्पताल में लंबे इंतजार के बाद अल्ट्रासाउंड जांच सुविधा शुरू हो गई है। रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती के बाद अब क्षेत्र के मरीजों को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए कर्णप्रयाग या श्रीनगर की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। अस्पताल में ही विशेषज्ञ रेडियोलॉजिस्ट की सेवाएं मिलने से मरीजों, खासकर गर्भवती महिलाओं को बड़ी राहत मिली है।
सिमली बेस अस्पताल में वर्ष 2024 में अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित की गई थी, लेकिन रेडियोलॉजिस्ट उपलब्ध नहीं होने के कारण मशीन का संचालन नहीं हो पा रहा था। क्षेत्रीय जनता लंबे समय से अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच सुविधा शुरू करने की मांग कर रही थी। अगस्त 2026 में जनता की मांग को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने रेडियोलॉजिस्ट की व्यवस्था करने का निर्णय लिया।
इसके बाद रेडियोलॉजिस्ट डॉ. गौरव शाह ने सिमली बेस अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच सेवा शुरू कर दी है। डॉ. शाह अब सीएचसी गैरसैंण और बेस अस्पताल सिमली में वैकल्पिक रूप से तीन-तीन दिन सेवाएं देंगे। इससे दोनों स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को विशेषज्ञ रेडियोलॉजिस्ट की सुविधा मिल सकेगी।
अल्ट्रासाउंड जांच सुविधा शुरू होने से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के साथ ही गर्भवती महिलाओं और अन्य मरीजों को विशेष लाभ मिलेगा। अभी तक जांच के लिए मरीजों को कर्णप्रयाग अथवा श्रीनगर जाना पड़ता था। वहां जांच के लिए लंबी कतार और अतिरिक्त समय व धन खर्च करना पड़ता था। अब स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलने से मरीजों को इन परेशानियों से काफी हद तक निजात मिलेगी।
स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से सिमली समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने की उम्मीद जगी है।

