चमोली : फूलों की घाटी में टूटा पर्यटकों की आमद का रिकॉर्ड, 28,409 सैलानी पहुंचे

Team PahadRaftar

206 विदेशी पर्यटक भी पहुंचे घाटी, प्रवेश शुल्क से पार्क प्रशासन को मिला 53.62 लाख रुपये का राजस्व

संजय कुंवर ज्योतिर्मठ। विश्व धरोहर फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान में पर्यटकों की आमद लगातार बढ़ रही है। सितंबर के पहले सप्ताह में भी घाटी में बड़ी संख्या में देश-विदेश के पर्यटक पहुंचे। एक जून से नौ सितंबर 2026 तक 28,409 पर्यटकों की आमद दर्ज की गई है। इनमें 206 विदेशी पर्यटक शामिल हैं। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से पार्क प्रशासन को भी अच्छी आय हुई है।

सितंबर में मौसम सुहावना होने के साथ फूलों की घाटी का प्राकृतिक सौंदर्य पर्यटकों को खूब आकर्षित कर रहा है। घाटी पहुंच रहे प्रकृति प्रेमी पुष्पावती नदी, रिवर ब्यूटी प्वाइंट, टिपरा ग्लेशियर, रतवन पीक, गौरी पीक, भ्यूंडार पास और कुंठखाल के मनमोहक दृश्यों का आनंद ले रहे हैं।

फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान के रेंज अधिकारी आशीष जिरवाण ने बताया कि नौ सितंबर तक 28,409 पर्यटक घाटी पहुंच चुके हैं। इनमें 206 विदेशी पर्यटक हैं। पर्यटकों से प्राप्त प्रवेश शुल्क के रूप में पार्क प्रशासन को 53 लाख 62 हजार 150 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।

उन्होंने बताया कि फूलों की घाटी का प्रवेश द्वार 31 अक्टूबर तक पर्यटकों के लिए खुला रहेगा। ऐसे में आगामी दिनों में भी पर्यटकों की आमद बढ़ने की उम्मीद है।

Leave a Reply

You May Like