चमोली : पुष्पवर्षा और जयकारों से गूंजा गोपेश्वर, माता अनसूया की देवरा यात्रा से भक्तिमय हुआ नगर

Team PahadRaftar

51 साल बाद निकली रथ डोली, 19 अप्रैल को खल्ला गांव में होगा हवन-यज्ञ

गोपेश्वर। दशोली ब्लॉक के खल्ला गांव की सती शिरोमणी माता अनसूया देवी की रथ डोली देवरा यात्रा इन दिनों गोपेश्वर नगर में श्रद्धा और आस्था का केंद्र बनी हुई है। नगर क्षेत्र में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर माता का स्वागत किया जा रहा है। माता के जयकारों, पूजा-अर्चना, आरती और भजन-कीर्तन से पूरा नगर भक्तिमय बना हुआ है।

बताया गया कि 51 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद माता अनसूया देवी की रथ डोली छह माह की देवरा यात्रा पर निकली है। इसी क्रम में इन दिनों देवडोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर में प्रवास कर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दे रही है।

श्रद्धालुओं के घरों में भी हो रहा प्रवास

देवरा यात्रा के दौरान देवडोली श्रद्धालुओं के घरों में भी प्रवास कर रही है। विभिन्न स्थानों पर पूजा-अर्चना, कीर्तन-भजन और प्रसाद वितरण का क्रम जारी है। गोपेश्वर की महिलाएं भी बड़ी संख्या में भजन-कीर्तन में भाग ले रही हैं, जिससे नगर का धार्मिक माहौल और अधिक प्रगाढ़ हो गया है।

इन गांवों में भी जाएगा रथ

ग्राम धर्मस्व समिति खल्ला के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि अभी कुछ दिन रथ डोली गोपेश्वर में भ्रमण पर रहेगी। इसके बाद देवडोली गंगोलगांव, सगर, ग्वाड़ और देवलधार गांवों में भी प्रवास करेगी। इन गांवों के भ्रमण के बाद देवडोली पुनः खल्ला गांव पहुंचेगी।

19 अप्रैल को होगा हवन-यज्ञ

उन्होंने बताया कि 19 अप्रैल को खल्ला गांव में हवन और यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद पारंपरिक विधि-विधान के साथ देवडोली को गर्भगृह में प्रतिष्ठापित किया जाएगा।

देवरा यात्रा के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों का निर्वहन पंडित राकेश तिवारी, प्रेम प्रकाश और गौरव तिवारी द्वारा किया जा रहा है। यात्रा में बुद्धि प्रसाद त्रिपाठी, जयप्रकाश तिवारी, सचिन बिष्ट, राहुल बिष्ट, अंकुर बिष्ट, दीपक, हेमंत, शुभम, प्रशांत, प्रांजल, अंशुमान, सूरज, आशीष, ढोल वादक संतोष, गौरव सहित अनेक श्रद्धालु सेवा और सहयोग में जुटे हुए हैं।

Next Post

उर्गमघाटी : जब देवी नहीं, बेटी बनकर विदा हुई भगवती गौर, उर्गम घाटी में छलक उठीं हजारों आंखें

शिव संग नंदीकुंड, स्वनूल और सोना शिखर के लिए रवाना हुईं गौरा जागरों, मांगलिक गीतों और लोकरीतियों के बीच फिर जीवंत हुई उत्तराखंड की अद्भुत लोकसंस्कृति रिपोर्ट : रघुबीर नेगी उर्गम घाटी/जोशीमठ देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक आत्मा केवल मंदिरों, शिखरों और देवस्थलों में ही नहीं बसती, बल्कि वह बेटियों की […]

You May Like