गौचर : लोकगायक किशन महिपाल को डायट गौचर में किया सम्मानित

Team PahadRaftar

विशिष्ट व्यक्तित्व व्याख्यानमाला में साझा की तीन दशक की संगीत यात्रा, शिक्षकों के सवालों के दिए जवाब

केएस असवाल गौचर (चमोली)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) गौचर में विशिष्ट व्यक्तित्व व्याख्यानमाला के तहत प्रसिद्ध लोकगायक, संगीतकार एवं निर्देशक किशन महिपाल का व्याख्यान आयोजित किया गया। कौशलम् कक्षा-10 के तीन दिवसीय प्रशिक्षण के उद्घाटन सत्र में उन्हें विशिष्ट व्यक्तित्व के रूप में आमंत्रित किया गया था।

कार्यक्रम से पूर्व डायट के प्राचार्य आकाश सारस्वत ने किशन महिपाल को सम्मान पत्र, स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्हें श्रीमद्भागवत पुस्तक भी भेंट की गई।

व्याख्यान में किशन महिपाल ने अपनी करीब तीन दशक लंबी संगीत यात्रा के अनुभव शिक्षकों के साथ साझा किए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2005 में उनका पहला संगीत एल्बम आया था। इसके बाद वर्ष 2011 में पहली बार उन्हें अपनी टीम के साथ मंच पर प्रस्तुति देने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि संगीत के क्षेत्र में आगे बढ़ने के दौरान आर्थिक तंगी समेत कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने संगीत का सफर जारी रखा।

उन्होंने लोक संगीत के प्रति अपने लगाव, संघर्ष और रचनात्मक यात्रा से जुड़े अनुभव भी साझा किए। शिक्षकों ने संगीत और लोक संस्कृति से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका उन्होंने सहजता से जवाब दिया। शिक्षकों के आग्रह पर किशन महिपाल ने अपने लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति भी दी। ‘कोरी कोरी’, ‘महल धरिया छिन’, ‘राजा ना रानी’, ‘जख दयबतों का ठौ छन भेजी’ और ‘जय बद्री विशाल’ जैसे गीतों ने कार्यक्रम में लोक संस्कृति की छटा बिखेर दी।

इस मौके पर वरिष्ठ संकाय सदस्य राजेंद्र प्रसाद मैखुरी, वीरेंद्र सिंह कठैत, सुबोध कुमार डिमरी, गोपाल प्रसाद कपरुवाण, मृणाल जोशी, बच्चन जितेला, नीतू सूद, अनीता चंदोला, निशांत वशिष्ठ, पुष्पा कनवासी, मनोज हटवाल, ललित मोहन पांडे, वीरेंद्र सिंह नेगी और रविंद्र रावत समेत 150 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन संकाय सदस्य डॉ. कमलेश कुमार मिश्र ने किया।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : लामबगड़ में ब्रेक फेल और स्टेयरिंग लॉक होने से अनियंत्रित हुई बस, 25 यात्री बाल-बाल बचे

सड़क किनारे पत्थर से टकराकर रुकी बस, गोविंदघाट पुलिस ने सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला संजय कुंवर गोपेश्वर। बदरीनाथ धाम से 25 यात्रियों को लेकर हरिद्वार जा रही बस गुरुवार को लामबगड़ के पास अचानक ब्रेक फेल होने और स्टेयरिंग लॉक होने से अनियंत्रित हो गई। बस गलत दिशा में […]

You May Like