चमोली : राखी धागा नहीं, कलाई की ताकत और विश्वास का पवित्र बंधन: चंद्रकला तिवारी

Team PahadRaftar

मुख्यमंत्री आवास में रक्षाबंधन कार्यक्रम, महिला आयोग की उपाध्यक्ष समेत महिलाओं ने मुख्यमंत्री धामी को बांधा रक्षासूत्र

देहरादून। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर सोमवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्यसेवक सदन में उत्साह और आत्मीयता का माहौल रहा। उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चंद्रकला तिवारी के नेतृत्व में महिलाओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को रक्षासूत्र बांधा। इस दौरान भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया गया।

चंद्रकला तिवारी ने मुख्यमंत्री को राखी बांधते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल कलाई पर बांधा जाने वाला धागा नहीं है, बल्कि प्रेम, विश्वास, सुरक्षा और जिम्मेदारी का पवित्र बंधन है। राखी धागा नहीं, कलाई की ताकत है। यह एक-दूसरे के प्रति विश्वास और जिम्मेदारी का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में रक्षाबंधन भाई-बहन के रिश्ते की गरिमा और आत्मीयता का पर्व है। बदलते दौर में भी इस पर्व की प्रासंगिकता बनी हुई है। यह समाज में प्रेम, भाईचारे और सौहार्द की भावना को मजबूत करता है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का यह पर्व सामाजिक रिश्तों को मजबूत करने के साथ ही प्रेम और सौहार्द का संदेश देता है।

कार्यक्रम में महिलाओं ने मुख्यमंत्री को रक्षासूत्र बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। चंद्रकला तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री का स्नेह और आशीर्वाद हमेशा प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से रक्षाबंधन का पर्व आपसी प्रेम, सम्मान और सौहार्द के साथ मनाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

You May Like