चमोली : चेन्नई में शार्दूल नेगी ने जीता सिल्वर, उत्तराखंड का नाम किया रोशन

Team PahadRaftar

संजय कुंवर ज्योतिर्मठ। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय ज्योतिर्मठ के होनहार छात्र शार्दूल नेगी ने चेन्नई में आयोजित 55वीं केवीएस नेशनल स्पोर्ट्स मीट-2026 की टेबल टेनिस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 बालक वर्ग में सिल्वर मेडल जीतकर उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में शार्दूल नेगी ने देहरादून संभाग का प्रतिनिधित्व किया।

चेन्नई स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय नंबर-1, एएफएस तांबरम में 17 अगस्त से आयोजित प्रतियोगिता में देशभर के केंद्रीय विद्यालयों से अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। अंडर-14 वर्ग में 128 खिलाड़ियों के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें शार्दूल नेगी ने अपने शानदार खेल कौशल और अनुशासन के दम पर फाइनल तक का सफर तय किया।

फाइनल मुकाबला बेहद संघर्षपूर्ण रहा, जिसमें शार्दूल को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। उन्होंने सिल्वर मेडल अपने नाम कर केंद्रीय विद्यालय संगठन के देश के शीर्ष दो खिलाड़ियों में जगह बनाई।

शार्दूल नेगी पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय संगठन आईटीबीपी ज्योतिर्मठ के छात्र होने के साथ ही ज्योतिर्मठ सरकारी टेबल टेनिस प्रशिक्षण शिविर के पंजीकृत खिलाड़ी भी हैं। इससे पहले भी वह राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न टेबल टेनिस प्रतियोगिताओं में उत्तराखंड के लिए एक दर्जन से अधिक पदक जीत चुके हैं।

शार्दूल की उपलब्धि पर केंद्रीय विद्यालय ज्योतिर्मठ के प्रधानाचार्य अशोक कुमार पाठक ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता शार्दूल की मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण के साथ ही शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। ब्लॉक प्रमुख ज्योतिर्मठ अनूप नेगी ने भी शार्दूल को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

शार्दूल की इस उपलब्धि से केंद्रीय विद्यालय ज्योतिर्मठ के साथ ही चमोली जिले और पूरे उत्तराखंड में खुशी का माहौल है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत आयोजित इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, शारीरिक फिटनेस और सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना है।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : फूलों की घाटी में उमड़ा सैलानियों का सैलाब, 22 हजार पर्यटकों ने निहारी प्राकृतिक सुंदरता

संजय कुंवर, ज्योतिर्मठ। यूनेस्को विश्व धरोहर फूलों की घाटी इन दिनों देशी-विदेशी पर्यटकों से गुलजार है। अगस्त के पीक सीजन में घाटी में खिले रंग-बिरंगे अल्पाइन पुष्प और मनमोहक प्राकृतिक नजारे पर्यटकों को खूब आकर्षित कर रहे हैं। इस सीजन में अब तक करीब 22 हजार पर्यटक फूलों की घाटी […]

You May Like