ऊखीमठ : देव वृक्षों के संरक्षण से ही सुरक्षित होगा भविष्य : चण्डी प्रसाद भट्ट

Team PahadRaftar

दूधाधारी महादेव मंदिर परिसर में रुद्राक्ष, पीपल, वट व बेल के पौधे रोपे, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। पर्यावरण संरक्षण और देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के उद्देश्य से बाबा केदारनाथ दास सेवा मंडल, अगस्त्यमुनि के तत्वावधान में पर्यटन गांव सारी स्थित प्राचीन दूधाधारी महादेव मंदिर परिसर में देव वृक्षों का पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने स्वयं पौधरोपण कर लोगों को प्रकृति संरक्षण का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान केवल धार्मिक आस्था से नहीं, बल्कि इसकी समृद्ध वन संपदा, जैव विविधता और प्राकृतिक धरोहर से भी है। उन्होंने कहा कि पीपल, वट, देवदार, बांज, बुरांश, रुद्राक्ष जैसे देव वृक्ष भारतीय संस्कृति और लोकजीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। इनके संरक्षण और संवर्धन से ही आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित रह सकेगा।

ग्राम प्रधान अनीता देवी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और घटते वन क्षेत्र को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण के साथ उनकी नियमित देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए।

सेवा मंडल के अध्यक्ष चन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि संस्था समय-समय पर धार्मिक, सामाजिक और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करती रहती है। इसी क्रम में मंदिर परिसर को हरित एवं पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाने के लिए रुद्राक्ष, वट, पीपल और बेल के पौधे लगाए गए। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सफल होगा, जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन और हरित उत्तराखंड के निर्माण का संकल्प लिया। क्षेत्र पंचायत सदस्य भरत सिंह नेगी ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर पौधरोपण से श्रद्धालुओं में प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और स्वच्छ पर्यावरण का संदेश जन-जन तक पहुंचेगा।

इस अवसर पर जागर गायिका रामेश्वरी भट्ट एवं नर्मदा देवी ने मांगल गीतों के माध्यम से देव वृक्षों की महिमा का गुणगान किया। कार्यक्रम में पूर्व प्रधान मनोरमा देवी, वन पंचायत सरपंच देवेन्द्र सिंह नेगी, महिला मंगल दल अध्यक्ष योगेश्वरी देवी, नव युवक मंगल दल अध्यक्ष धर्मेन्द्र भट्ट, पूर्व सूचना अधिकारी गजपाल भट्ट, अंजना देवी, शंकर भट्ट, कुसुम देवी, मंजू देवी, वन विभाग के वन आरक्षी ऋर्षि राज खोयाल, सभासद उमा कैन्तुरा, सर्वेश्वरी गुसाईं, प्रतिमा नेगी, गीता मलासी, निर्मला मलासी, सतेश्वरी रौथाण, ललित मलासी, जगदम्बा रावत, अरूणा देवी सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : क्षेत्रीय विकास के मुद्दों को लेकर सांसद अनिल बलूनी से मिले प्रतिनिधिमंडल, वाइब्रेंट विलेज, सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं पर हुई चर्चा

संजय कुंवर गोपेश्वर/नई दिल्ली। चमोली जनपद के एक प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली स्थित शासकीय आवास पर लोकसभा सांसद अनिल बलूनी से शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र की विभिन्न जनहित एवं विकास से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने सीमांत क्षेत्रों के समग्र विकास, सड़क, संचार, स्वास्थ्य और पर्यटन से […]

You May Like