बदरीनाथ : चढ़ावा हेराफेरी प्रकरण : बीकेटीसी के वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल निलंबित

Team PahadRaftar

प्रारंभिक जांच में अनियमितता की पुष्टि, जांच पूरी होने तक ज्योतिर्मठ कार्यालय से किया संबद्ध

बदरीनाथ धाम/ऋषिकेश। बदरीनाथ धाम में चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले में श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जांच पूरी होने तक उन्हें बीकेटीसी के ज्योतिर्मठ कार्यालय से संबद्ध किया गया है।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने मंगलवार को बताया कि चढ़ावे से संबंधित अनियमितताओं की शिकायत सामने आने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मचारी से स्पष्टीकरण मांगा गया था। साथ ही निष्पक्ष जांच के लिए चार सदस्यीय जांच समिति गठित की गई।

उन्होंने बताया कि जांच समिति की प्रारंभिक रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया अनियमितताओं की पुष्टि होने के बाद आरोपी कर्मचारी को तत्काल निलंबित कर दिया गया। यह कार्रवाई जांच को निष्पक्ष, पारदर्शी और किसी भी प्रकार के प्रभाव से मुक्त रखने के उद्देश्य से की गई है।

हेमंत द्विवेदी ने कहा कि मंदिर समिति श्रद्धालुओं की आस्था और भगवान के चढ़ावे की पवित्रता को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। भ्रष्टाचार, अनियमितता अथवा आस्था से जुड़े मामलों में समिति की जीरो टॉलरेंस नीति है और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि जांच समिति ने आरोपी कर्मचारी के स्पष्टीकरण का परीक्षण किया, जिसे प्रथम दृष्टया संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके आधार पर जांच पूरी होने तक प्रमोद नौटियाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए बीकेटीसी के ज्योतिर्मठ कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि विभागीय जांच पूरी होने के बाद यदि किसी अन्य व्यक्ति की भी संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार अनुशासनात्मक और विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही श्रद्धालुओं से अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करने की अपील की गई है।

Leave a Reply

You May Like