पौड़ी : अपात्र बाहर, जरूरतमंदों को मिला हक: पौड़ी में 7,955 राशन कार्ड निरस्त, 4,007 नए परिवार जुड़े

Team PahadRaftar

जसपाल नेगी पौड़ी। सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए जनपद में चलाया गया राशन कार्ड सत्यापन अभियान असर दिखा रहा है। अभियान के तहत अब तक 7,955 अपात्र राशन कार्ड निरस्त किए जा चुके हैं, जबकि 4,007 पात्र परिवारों को विभिन्न खाद्य सुरक्षा योजनाओं से जोड़कर नया राशन कार्ड उपलब्ध कराया गया है।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से चल रहे इस अभियान में 31,197 यूनिट भी राशन कार्ड सूची से हटाई गई हैं। जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि निरस्त किए गए राशन कार्डों में अंत्योदय अन्न योजना के 610, प्राथमिक परिवार योजना के 4,098 तथा राज्य खाद्य योजना के 3,247 कार्ड शामिल हैं। यूनिट के स्तर पर अंत्योदय योजना की 2,029, प्राथमिक परिवार योजना की 18,005 और राज्य खाद्य योजना की 11,163 यूनिट सूची से हटाई गई हैं।

उन्होंने बताया कि सत्यापन के बाद अंत्योदय अन्न योजना के 261, प्राथमिक परिवार योजना के 2,248 तथा राज्य खाद्य योजना के 1,498 परिवारों को लाभार्थी सूची में शामिल किया गया है। इस तरह कुल 4,007 पात्र परिवारों को खाद्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया गया।

जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसका उद्देश्य अपात्र लाभार्थियों को सूची से हटाकर सरकारी खाद्यान्न का लाभ केवल पात्र और जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाना है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि यदि उनकी पारिवारिक या आर्थिक स्थिति में कोई बदलाव हुआ है तो उसकी सूचना समय पर विभाग को दें, ताकि अभिलेखों को अद्यतन कर योजनाओं का लाभ सही पात्रों तक पहुंचाया जा सके।

Leave a Reply

Next Post

ऊखीमठ : मद्महेश्वर घाटी में बागवानी की नई कहानी, गैड़ बष्टी के किसान की मूली पहुंची अगस्त्यमुनि

सड़क नहीं, फिर भी हौसले बुलंद; बलवीर राणा की मेहनत से पहाड़ की खेती को मिल रही नई पहचान लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। कभी केवल परंपरागत खेती तक सीमित रही मद्महेश्वर घाटी अब बागवानी और नकदी फसलों के जरिए अपनी नई पहचान बना रही है। इसका ताजा उदाहरण दूरस्थ गैड़ बष्टी […]

You May Like