संजय कुंवर जोशीमठ। अग्नि आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से एनटीपीसी तपोवन टाउनशिप में भारतीय सेना के सहयोग से ‘म्यूचुअल एड स्कीम’ के तहत संयुक्त अग्नि आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल में विभिन्न विभागों और एजेंसियों के बीच समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग का अभ्यास किया गया।
अभ्यास के दौरान काल्पनिक अग्निकांड की स्थिति तैयार कर राहत, बचाव और चिकित्सा सहायता से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं का प्रदर्शन किया गया। भारतीय सेना की 9 ओएमपी, वर्कशॉप कंपनी, मिलिटरी अस्पताल, आर्मी सप्लाई कंपनी, सिग्नल कंपनी, पायोनियर कंपनी और मिलिटरी इंजीनियरिंग सर्विसेज के अलावा एनटीपीसी तपोवन के सुरक्षा, यांत्रिकी अभियंत्रण, चिकित्सा एवं मानव संसाधन विभाग, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग तथा जेपी ग्रुप सहित कुल 212 अधिकारियों और कर्मचारियों ने इसमें भाग लिया।
अग्निशमन दल ने आग पर काबू पाने की कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया, जबकि चिकित्सा दल ने घायलों को प्राथमिक उपचार देकर सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया। सुरक्षा कर्मियों ने प्रभावित क्षेत्र की घेराबंदी, यातायात और भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी निभाई। सेना के अधिकारियों ने पूरे अभ्यास के दौरान विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों ने प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के संयुक्त अभ्यास नियमित रूप से आयोजित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे अभ्यास आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के साथ कर्मचारियों की दक्षता एवं आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

