केएस असवाल गोपेश्वर : 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शनिवार को जनपद चमोली में योग की धूम रही। “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम के तहत पुलिस ग्राउंड गोपेश्वर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। इस दौरान 83 वर्षीय पूर्व सैनिक मोहन सिंह गड़िया को नियमित योगाभ्यास के लिए सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने लोगों से प्रतिदिन कम से कम एक घंटा स्वास्थ्य के नाम करने और योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का माध्यम है।
योग प्रशिक्षक रघुवीर सिंह के निर्देशन में बच्चों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने सामान्य योग प्रोटोकॉल के तहत योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि योग भारत की प्राचीन धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। उन्होंने कहा कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवन में अपनाने की आवश्यकता है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य दोनों मजबूत होते हैं।
कार्यक्रम के दौरान 83 वर्षीय भूतपूर्व सैनिक मोहन सिंह गड़िया को वर्षों से नियमित योगाभ्यास कर समाज को प्रेरित करने के लिए राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने शॉल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। वहीं स्पोर्ट्स स्टेडियम गोपेश्वर की जूनियर महिला खिलाड़ियों ने विभिन्न योग मुद्राओं का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
जिले में मुख्य कार्यक्रम के अलावा श्री बदरीनाथ धाम मंदिर परिसर, आईटीबीपी ग्राउंड गौचर, विभिन्न विकासखंडों, विद्यालयों, कार्यालयों और संस्थानों में भी योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री हरक सिंह नेगी, उत्तराखंड महिला आयोग की उपाध्यक्ष चंद्रकला तिवारी, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
