चमोली : देवाल-घेस मोटरमार्ग पर बोलेरो खाई में गिरी, चार की मौत, चार घायल

Team PahadRaftar

देवाल, गिरीश चंदोला संवाददाता। चमोली जिले के देवाल-घेस मोटरमार्ग पर गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। कुनार बैंड के पास एक कमर्शियल बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार बोलेरो वाहन देवाल से घेस की ओर जा रहा था। कुनार बैंड के समीप अचानक वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सैकड़ों फीट नीचे केल नदी की ओर जा गिरा। हादसे के समय वाहन में कुल आठ लोग सवार थे।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से खाई में उतरकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। घायलों को बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस की सहायता से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई थी। दुर्घटनास्थल गहरी खाई में होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। पुलिस और स्थानीय लोग मिलकर राहत कार्य में जुटे रहे।

पुलिस के अनुसार वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं प्रशासन मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि में जुटा हुआ है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

दुर्घटना में मृतक

1. जानकी देवी पत्नी दान सिंह, उम्र 28 वर्ष, निवासी खेता, देवाल।

2. अर्जुन सिंह पुत्र मान सिंह, उम्र 60 वर्ष, निवासी घेस, देवाल।

3. आलम सिंह पुत्र दीवान सिंह, उम्र 54 वर्ष, निवासी घेस, देवाल।

4. दीपू पुत्र चंदन सिंह, उम्र 07 वर्ष, निवासी खेता, देवाल।

घायल

1. हरेंद्र सिंह पुत्र पुष्कर सिंह, उम्र 38 वर्ष, निवासी घेस, देवाल (गंभीर घायल)।

2. उमा देवी पत्नी चंदन सिंह, उम्र 28 वर्ष, निवासी खेता, देवाल।

3. खड़क सिंह पुत्र मदन सिंह, उम्र 38 वर्ष, निवासी खेता, देवाल।

4. हर्षिता पुत्री चंदन सिंह, उम्र 01 वर्ष 06 माह, निवासी देवाल।

उक्त सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के उपरांत उच्च चिकित्सा केन्द्र के लिए रेफर किया गया है। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम पीएचसी देवाल में कराया जा रहा है।

 

Leave a Reply

Next Post

चमोली : आयुष चिकित्सकों का फूटा गुस्सा, चौथे दिन भी जारी रहा आंदोलन

आयुष चिकित्सकों का फूटा गुस्सा, चौथे दिन भी जारी रहा आंदोलन गोपेश्वर, केएस असवाल संवाददाता। अपनी 17 सूत्रीय मांगों को लेकर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा सेवा संघ, चमोली का आंदोलन गुरुवार को चौथे दिन भी जारी रहा। आयुष चिकित्सकों ने काली पट्टी बांधकर शासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया […]

You May Like