गिरीश चंदोला देवाल (चमोली)। विकासखंड देवाल के सवाड़ गांव निवासी युवा समाजसेवी एवं डीएवी कॉलेज देहरादून के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष दयाल सिंह बिष्ट को उत्तराखंड बाल संरक्षण आयोग का सदस्य नामित किया गया है। उनके मनोनयन से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और युवाओं ने उन्हें बधाई देते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताया है।
दयाल सिंह बिष्ट लंबे समय से सामाजिक और जनहित के कार्यों से जुड़े रहे हैं। छात्र राजनीति से लेकर विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। क्षेत्रवासियों का मानना है कि आयोग में उनकी नियुक्ति से बच्चों के अधिकारों और संरक्षण से जुड़े मामलों को मजबूती मिलेगी।
लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी युवाओं को उनकी कार्यक्षमता और सामाजिक योगदान के आधार पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंप रहे हैं। इससे प्रदेश के युवाओं को भी समाज हित में कार्य करने की प्रेरणा मिल रही है।
दयाल सिंह बिष्ट के मनोनयन पर ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत, ज्येष्ठ प्रमुख दीपक गड़िया, विधायक भूपाल राम टम्टा, मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा, महिपाल सिंह बिष्ट समेत अनेक लोगों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने उम्मीद व्यक्त की कि दयाल सिंह बिष्ट बाल अधिकारों एवं बच्चों के संरक्षण से जुड़े विषयों पर प्रभावी भूमिका निभाएंगे।
