
चमोली/ गिरीश चंदोला : देवाल क्षेत्र में गैस वितरण के दौरान कथित घटतौली का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को गंभीरता से लेते हुए जिला पूर्ति विभाग ने संबंधित गैस एजेंसी को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब तलब किया है।
जिला पूर्ति अधिकारी अंकित पांडे ने बताया कि जीपीवीपीएन गैस सर्विस, थराली को नोटिस जारी कर पूरे मामले में विस्तृत स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन्होंने बताया कि नौ जून को देवाल क्षेत्र में गैस वितरण के दौरान कथित घटतौली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में गैस एजेंसी के एक कर्मचारी पर उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा से कम गैस उपलब्ध कराने का आरोप लगाया गया है।
वायरल वीडियो में कुछ उपभोक्ता गैस वितरण कर रहे कर्मचारी को घेरकर आरोप लगाते दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि कर्मचारी गैस सिलेंडरों से गैस निकाल रहा था, जिसे मौके पर पकड़ लिया गया। हालांकि इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देश पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। जांच में यदि किसी प्रकार की अनियमितता या उपभोक्ताओं के हितों के साथ खिलवाड़ की पुष्टि होती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को सही मात्रा में गैस उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब सभी की निगाहें एजेंसी के जवाब और जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।
