चमोली : बिटुमेन के बढ़े दामों से राजजात यात्रा मार्ग का हॉटमिक्स कार्य रुका

Team PahadRaftar

बिटुमेन के बढ़े दामों से राजजात यात्रा मार्ग का हॉटमिक्स कार्य रुका

थराली, गिरीश चंदोला : आगामी श्री नंदा देवी राजजात यात्रा के लिए तैयार किए जा रहे थराली-देवाल-लोहाजंग-वांण राज्य राजमार्ग पर हॉटमिक्स कार्य फिलहाल ठप पड़ गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल से बनने वाले बिटुमेन की कीमतों में भारी उछाल के चलते ठेकेदार ने सड़क निर्माण कार्य रोक दिया है। इससे यात्रा मार्ग के समय पर तैयार होने को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।

लोक निर्माण विभाग की ओर से राजजात यात्रा मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण के लिए करीब 32 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। योजना के तहत लगभग 22 किलोमीटर सड़क पर हॉटमिक्स समेत विभिन्न निर्माण कार्य किए जाने हैं। हालांकि अब तक केवल 3.1 किलोमीटर सड़क पर ही हॉटमिक्स बिछाया जा सका है।

निर्माण एजेंसी का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के चलते कच्चे तेल और बिटुमेन की कीमतों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। मौजूदा दरों पर कार्य करना आर्थिक रूप से संभव नहीं रह गया है। ठेकेदार ने विभाग को पत्र भेजकर स्पष्ट किया है कि बिटुमेन की दरों के संबंध में शासन स्तर पर निर्णय होने तक हॉटमिक्स कार्य दोबारा शुरू करना कठिन होगा।

बताया जा रहा है कि बिटुमेन की कीमतों में करीब 70 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है। इसका असर प्रदेश के साथ-साथ देश के अन्य सड़क निर्माण कार्यों पर भी पड़ रहा है।

लोक निर्माण विभाग थराली के प्रभारी अधिशासी अभियंता अनूप कुमार ने बताया कि बिटुमेन की बढ़ी कीमतों को लेकर ठेकेदारों के पत्र प्राप्त हुए हैं। मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है और आवश्यक दिशा-निर्देश मांगे गए हैं। शासन से निर्देश मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

राजजात यात्रा को देखते हुए सड़क निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, लेकिन हॉटमिक्स कार्य रुकने से निर्माण की रफ्तार प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। ऐसे में स्थानीय लोगों और यात्रा से जुड़े लोगों की निगाहें अब शासन के अगले निर्णय पर टिकी हैं।

प्रमुख बिंदु

  • राजजात यात्रा मार्ग पर हॉटमिक्स कार्य फिलहाल बंद।
  • 32 करोड़ रुपये से हो रहा है मार्ग का सुधारीकरण।
  • 22 किमी सड़क पर होना है हॉटमिक्स कार्य।
  • अब तक केवल 3.1 किमी हिस्से में काम पूरा।
  • बिटुमेन की कीमतों में करीब 70 प्रतिशत वृद्धि का दावा।
  • शासन के निर्णय के बाद ही आगे बढ़ेगा निर्माण कार्य।

Leave a Reply

You May Like