गौचर : हेमकुंड यात्रा मार्ग पर बढ़ते विवादों से व्यापारी चिंतित, सीएम को भेजा ज्ञापन

Team PahadRaftar

केएस असवाल कर्णप्रयाग। हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर तीर्थ यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों के बीच बढ़ रहे विवादों को लेकर प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल चमोली ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजकर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग के माध्यम से प्रेषित किया गया।

व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष ईश्वरी प्रसाद मैठुरी और जिला महामंत्री सुनील पंवार द्वारा हस्ताक्षरित ज्ञापन में कहा गया है कि ज्योतिर्मठ, लंगासू, सिमली, कर्णप्रयाग सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में तीर्थ यात्रियों से जुड़े विवादों की घटनाएं बढ़ रही हैं। ज्ञापन में 16 जून को कर्णप्रयाग में हुई घटना का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि कुछ यात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हुआ, जिससे व्यापारियों में असुरक्षा की भावना पैदा हुई है।

व्यापार मंडल ने सरकार से तीर्थ क्षेत्रों में बाहरी राज्यों के दुपहिया वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण, धारदार हथियारों के साथ यात्रा पर रोक तथा घायलों को उपचार और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा समिति, जिला प्रशासन और व्यापार प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक आयोजित कर आपसी संवाद स्थापित करने का आग्रह भी किया गया है।

ज्ञापन में कहा गया है कि हेमकुंड साहिब यात्रा प्रदेश की आस्था और पर्यटन से जुड़ी महत्वपूर्ण यात्रा है। ऐसे में यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए प्रशासन को आवश्यक कदम उठाने चाहिए।

व्यापार मंडल ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जिले के व्यापारी आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

प्रमुख मांगें

  • तीर्थ क्षेत्रों में बाहरी राज्यों के दुपहिया वाहनों पर प्रतिबंध लगाया जाए।
  • धारदार हथियारों के साथ यात्रा पर पूर्ण रोक लगे।
  • घायलों को तत्काल उपचार और आर्थिक सहायता दी जाए।
  • प्रशासन, गुरुद्वारा समिति और व्यापारियों की संयुक्त बैठक बुलाई जाए।
  • तीर्थ क्षेत्रों में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए।

Leave a Reply

Next Post

थराली : आपदा प्रभावितों को राहत का संबल, 80 परिवारों में बांटे 55 लाख के चेक

गिरीश चंदोला थराली : वर्ष 2025 की आपदा से प्रभावित परिवारों को आर्थिक राहत पहुंचाने के लिए बुधवार को ब्लॉक सभागार थराली में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामोत्थान परियोजना (रीप) और मुख्यमंत्री राहत कोष के तहत सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम में थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने […]

You May Like