
पीएम श्री राइका गौचर में नई टीम का गठन, सूरज रावत संभालेंगे पीटीए की कमान
एसएमसी अध्यक्ष बने राजेन्द्र सिंह, नए शिक्षा सत्र को लेकर अभिभावकों संग मंथन
केएस असवाल गौचर/चमोली, 25 मई : पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज गौचर में नए शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए अभिभावक शिक्षक संघ (पीटीए) और विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) का गठन किया गया। बैठक में नगर क्षेत्र गौचर और आसपास के गांवों से पहुंचे अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
प्रधानाचार्य खड़क सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित खुली बैठक में सर्वसम्मति से सूरज सिंह रावत को पीटीए अध्यक्ष और राजेन्द्र सिंह को एसएमसी अध्यक्ष चुना गया। वहीं, सुशील शाह को संरक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई।
विद्यालय के हिंदी प्रवक्ता हरीश कुमार के संचालन में हुई बैठक में परीक्षा प्रभारी डॉ. दिनेश चंद्र भट्ट ने परीक्षा परिणामों की समीक्षा करते हुए अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभिभावकों और शिक्षकों के समन्वय से ही बेहतर शैक्षिक वातावरण तैयार किया जा सकता है।
प्रधानाचार्य खड़क सिंह बिष्ट ने नवगठित पदाधिकारियों को शपथ दिलाकर स्वागत किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षिक व्यवस्था, अनुशासन और छात्रों के सर्वांगीण विकास पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही अभिभावकों से घरों में बच्चों की गतिविधियों पर निगरानी रखने और विद्यालय के विकास में सहयोग देने का आह्वान किया।
बैठक में विद्यालय के शैक्षिक माहौल को और बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी सामने आए।
