पौड़ी : सुरंग निर्माण योजना का विरोध करेगी संघर्ष समिति

Team PahadRaftar

सुरंग निर्माण योजना का विरोध करेगी संघर्ष समिति

राष्ट्रीय राजमार्ग को पौड़ी शहर से होकर विकसित करने की मांग, जनआंदोलन की चेतावनी

पौड़ी, जसपाल नेगी संवाददाता। पौड़ी बचाओ संघर्ष समिति ने पौड़ी नगर को बायपास करने के लिए प्रस्तावित सुरंग निर्माण योजना का विरोध करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग को शहर से होकर विकसित करने की मांग उठाई है। समिति ने सोमवार को आयुक्त के माध्यम से केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को ज्ञापन भेजकर योजना पर पुनर्विचार की मांग की।

समिति के संयोजक नमन चंदोला ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने पहले करीब 150 भवनों को प्रभावित श्रेणी में चिह्नित किया था, जबकि अब प्रभावित भवनों की संख्या लगभग 500 बताई जा रही है। उनका कहना है कि यदि प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए तो करीब 250 करोड़ रुपये की लागत में पुनर्वास और सेटलमेंट की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित सुरंग निर्माण पर करीब 800 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके बजाय राष्ट्रीय राजमार्ग को पौड़ी नगर से होकर विकसित किया जाए तो एक ओर प्रभावित परिवारों को सम्मानजनक मुआवजा मिलेगा, वहीं दूसरी ओर सरकारी धन की भी बड़ी बचत होगी। इससे नगर का व्यापार, पर्यटन, रोजगार और आर्थिक गतिविधियां भी प्रभावित नहीं होंगी।

चंदोला ने कहा कि पौड़ी को बायपास करने वाली सुरंग बनने से शहर के आर्थिक और सामाजिक महत्व पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसलिए सरकार को स्थानीय जनता की भावनाओं और क्षेत्र के दीर्घकालिक हितों को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेना चाहिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनभावनाओं की अनदेखी कर सुरंग निर्माण योजना को आगे बढ़ाया गया तो पौड़ी के नागरिक सड़कों पर उतरकर व्यापक जनआंदोलन शुरू करने को बाध्य होंगे। समिति ने सरकार से राजमार्ग परियोजना को पौड़ी नगर से होकर विकसित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Next Post

पौड़ी : धनाऊ मल्ला के निर्माण कार्यों में अनियमितता, दोषियों पर होगी कार्रवाई

धनाऊ मल्ला के निर्माण कार्यों में अनियमितता, दोषियों पर होगी कार्रवाई जसपाल नेगी पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज कराईं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई […]

You May Like