पौड़ी : धनाऊ मल्ला के निर्माण कार्यों में अनियमितता, दोषियों पर होगी कार्रवाई

Team PahadRaftar

धनाऊ मल्ला के निर्माण कार्यों में अनियमितता, दोषियों पर होगी कार्रवाई

जसपाल नेगी पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज कराईं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में विनोद कुमार भंडारी ने बुआखाल पंपिंग योजना से आच्छादित गहड़ गांव की पेयजल पाइपलाइन के सुचारु रूप से कार्य न करने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारियों को अगले दिन ही मौके पर जाकर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नागरिक कल्याण एवं जागरूक समिति पौड़ी के अध्यक्ष रघुवीर सिंह रावत ने नगर क्षेत्र में अवैध जल संयोजनों का मामला उठाया। जिलाधिकारी ने जल संस्थान की सभी शाखाओं को निकाय क्षेत्रों में जल संयोजनों की गणना कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

धारकोट निवासी जगदीश प्रसाद ने धारकोट-मेकस्या-घाघण-कपोलस्यूं मोटर मार्ग से प्रभावित होने के बावजूद मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की। वहीं उखलेत गांव के ग्रामीणों ने सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने उरेडा को जिला योजना के तहत सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनता मिलन कार्यक्रम में दर्ज शिकायतों का गंभीरता से निस्तारण किया जा रहा है। मंजेड़ा निवासी जयपाल सिंह बिष्ट की शिकायत पर धनाऊ मल्ला में कराए गए निर्माण कार्यों की जांच कराई गई थी। जांच में अनियमितताओं की पुष्टि होने पर संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, डीएफओ महातिम यादव, एडीएम एफ.आर. चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, एएसपी अनूप काला, मुख्य चिकित्साधिकारी शिवमोहन शुक्ला, अधीक्षण अभियंता जल निगम मोहम्मद मिशम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

ऊखीमठ : कुमार लोक महायज्ञ में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़

विश्व कल्याण, पर्यावरण संरक्षण और मानव सुख-समृद्धि के लिए दी जा रहीं आहुतियां ऊखीमठ, लक्ष्मण नेगी संवाददाता। देवसेनापति भगवान कार्तिकेय की तपस्थली कुमार लोक में आयोजित 11 दिवसीय महायज्ञ एवं पुराण वाचन कार्यक्रम में आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु यज्ञ स्थल पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठानों […]

You May Like