केदारनाथ में भकुंट भैरवनाथ मंदिर के कपाट खुले, नित्य आरतियों का शुभारंभ
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ/केदारनाथ : केदारनाथ में कपाट खुलने के बाद शनिवार को धाम स्थित भकुंट भैरवनाथ के कपाट भी विधि-विधान के साथ खोल दिए गए। कपाट खुलने के साथ ही अब भगवान केदारनाथ की नित्य-नियमित आरतियों का क्रम शुरू हो गया है।

दोपहर में मंदिर के पुजारी टी. गंगाधर लिंग, श्री बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) व श्री केदार सभा के पदाधिकारियों की मौजूदगी में हवन-यज्ञ व विशेष पूजा-अर्चना संपन्न कर कपाट खोले गए। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और जयकारों के बीच दर्शन किए।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कपाट खुलने पर देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं को बधाई देते हुए कहा कि भैरवनाथ धाम के रक्षक देवता हैं और इनके कपाट खुलने के बाद केदारनाथ में पूजा-अर्चना का क्रम पूर्ण रूप से प्रारंभ हो जाता है।
धार्मिक मान्यता के अनुसार शीतकाल में जब केदारनाथ मंदिर के कपाट बंद रहते हैं, तब पूरे क्षेत्र की रक्षा का दायित्व भैरवनाथ जी निभाते हैं। यही कारण है कि केदारनाथ यात्रा में श्रद्धालु भैरवनाथ मंदिर के दर्शन को विशेष महत्व देते हैं।
इस मौके पर जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग/मुख्य कार्याधिकारी बीकेटीसी विशाल मिश्रा, केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, बीकेटीसी सदस्य डॉ. विनीत पोस्ती, तीर्थ पुरोहित संतोष त्रिवेदी समेत अन्य पदाधिकारी व श्रद्धालु मौजूद रहे। प्रशासन व मंदिर समिति ने यात्रा को लेकर व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का दावा किया है।

