गांधी-शास्त्री जयंती पर कलेक्ट्रेट में श्रद्धासुमन अर्पित
केएस असवाल
गोपेश्वर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यालयी छात्र-छात्राओं ने भी पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गोपेश्वर की छात्राओं एवं अधिकारी-कर्मचारियों ने महात्मा गांधी के प्रिय भजनों का गायन किया। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि गांधी और शास्त्री का जीवन सत्य, अहिंसा, सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने लोगों से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने स्वच्छता पर जोर देते हुए सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने और पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की। कार्यक्रम में उप कोषाधिकारी सुरेंद्र वर्मा, सहायक अभियंता अभिषेक सिंह, एएलआरओ राकेश पल्लव समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
