
जय बदरी विशाल के जयघोष के बीच खुलेंगे बदरीनाथ धाम के कपाट
25 कुंतल फूलों से सजेगा मंदिर, सीएम धामी धाम में; सुबह 6:15 बजे शुभ मुहूर्त
संजय कुंवर
बदरीनाथ। विश्व प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। गुरुवार को प्रातः 6 बजकर 15 मिनट के शुभ मुहूर्त में भगवान बदरी विशाल के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने के पावन अवसर को लेकर पूरे धाम में उत्साह का माहौल है और “जय बदरी विशाल” के जयघोष गूंजने लगे हैं।
कपाटोद्घाटन से पहले मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया जा रहा है। करीब 25 कुंतल गेंदा, चंपा और चमेली के फूलों से धाम को सजाया जा रहा है, जिससे पूरी बदरी पुरी दिव्यता से सराबोर नजर आ रही है। वैदिक परंपराओं के अनुसार अखंड ज्योति के दर्शन और विशेष पूजा-अर्चना के बाद कपाट खोले जाएंगे।
यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बदरीनाथ धाम पहुंच चुके हैं। वह यहां रात्रि प्रवास कर कपाट खुलने के ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनेंगे और अधिकारियों के साथ यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा भी करेंगे।
बदरी-केदार मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद ने बताया कि, “कपाट खुलने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन कराना हमारी प्राथमिकता है। मंदिर परिसर, पूजा व्यवस्था और दर्शन प्रणाली को व्यवस्थित किया गया है, ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।”
सुरक्षा के दृष्टिगत चमोली पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। देव दर्शनी से लेकर मंदिर परिसर तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है, जिससे यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित रहे।
धाम में श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों द्वारा भंडारों का आयोजन किया जा रहा है। वहीं स्थानीय व्यापारी और दुकानदार भी यात्रा सीजन को लेकर खासे उत्साहित हैं और अपनी दुकानों को सजाने में जुटे हैं।
खुशनुमा मौसम के बीच देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बदरीनाथ धाम पहुंचने लगे हैं। भगवान बदरी विशाल के प्रथम दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह बना हुआ है।
