
गोपेश्वर : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए बृहस्पतिवार को विकासखंड दशोली की ग्राम पंचायत देवर खडोरा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दल “प्रकाश एंड दल” ने नुक्कड़ नाटक, लोकगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को अभियान की जानकारी दी।
जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में कलाकारों ने मनोरंजक और प्रभावी शैली में मतदाता सूची के शुद्धीकरण और अद्यतन की आवश्यकता को समझाया। नुक्कड़ नाटक के जरिए बताया गया कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना चाहिए, जबकि अपात्र व्यक्तियों के नाम सूची से हटाए जाने चाहिए।
कलाकारों ने ग्रामीणों से बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) का सहयोग करने और गणना प्रपत्र सही जानकारी के साथ भरने का आह्वान किया। साथ ही आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराने की अपील भी की गई, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाया जा सके।
कार्यक्रम में गीत-संगीत और संवादों के माध्यम से लोकतंत्र में मतदाता की भूमिका तथा जनभागीदारी के महत्व को भी रेखांकित किया गया। कलाकारों ने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण आवश्यक है और इसमें आमजन की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इस दौरान ग्रामीणों को एसआईआर अभियान के विभिन्न पहलुओं, गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए अभियान को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

