ऊखीमठ : श्रीराम कथा में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़, राम के आदर्शों पर चला मंथन

Team PahadRaftar

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। क्यूंजा घाटी के प्राचीन रंगेश्वर महादेव मंदिर कण्डारा में आयोजित श्रीराम कथा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। कथा के पांचवें दिन क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों का श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ अर्जित किया। मंदिर परिसर रामनाम के जयघोष और भक्ति भाव से सराबोर रहा।

कथावाचक राधिका जोशी केदारखण्डी ने कथा के दौरान भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, त्याग, सत्यनिष्ठा और लोककल्याणकारी व्यक्तित्व का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि श्रीराम का जीवन मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्श आज भी समाज को कर्तव्यनिष्ठा, पारिवारिक मूल्यों और धर्म के मार्ग पर चलने की सीख देते हैं।

कथा में राम जन्म, गुरु वशिष्ठ के सान्निध्य में शिक्षा, विश्वामित्र के साथ वनगमन और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया गया। कथा श्रवण के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में कथा में सहभागिता की। भजन-कीर्तन और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

कार्यक्रम संयोजक हरिशंकर गोस्वामी ने बताया कि कथा आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना का प्रसार, सनातन संस्कृति का संरक्षण तथा नई पीढ़ी को धार्मिक एवं नैतिक मूल्यों से जोड़ना है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से कथा में शामिल होकर धर्मलाभ अर्जित करने की अपील की।

इस अवसर पर आचार्य देवी प्रसाद वशिष्ठ, दिनेश थपलियाल, नवीन जोशी, ऋषिराज गोस्वामी, विवेक गोस्वामी सहित क्यूंजा घाटी के विभिन्न गांवों के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : सीएचसी थराली की पहली मंजिल पर मिला कुत्ता, अस्पताल की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल

गिरीश चंदोला थराली: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) थराली में बुधवार को एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए। अस्पताल की पहली मंजिल पर एक कुत्ता आराम फरमाता नजर आया। अस्पताल पहुंचे मरीजों और तीमारदारों ने जब यह नजारा देखा तो उन्होंने […]

You May Like