शिक्षक सत्येंद्र भंडारी की मेहनत लाई रंग, देशभर में मिला 22वां स्थान
रुद्रप्रयाग / चमोली, संवाददाता। विकासखंड अगस्त्यमुनि के अंतर्गत संचालित राजकीय प्राथमिक विद्यालय (पीएस) कोटतल्ला ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार की ओर से वर्ष 2025-26 के लिए जारी नेशनल लेवल सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट में विद्यालय ने 95.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्तराखंड में पहला और राष्ट्रीय स्तर पर 22वां स्थान हासिल किया है।

विद्यालय का चयन भारत सरकार द्वारा निर्धारित गुणवत्ता मानकों के आधार पर किया गया। इसके लिए पहले ऑनलाइन मूल्यांकन हुआ। इसके बाद संकुल, ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर विद्यालय का सत्यापन किया गया। अंतिम चरण में राष्ट्रीय टीम ने विद्यालय का भौतिक निरीक्षण भी किया। सभी चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय को यह उपलब्धि मिली।
विद्यालय की सफलता के पीछे शिक्षक सत्येंद्र भंडारी की मेहनत, समर्पण और नवाचारी शिक्षण पद्धति को प्रमुख कारण माना जा रहा है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया।
उपलब्धि पर शिक्षा विभाग, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जताई है। लोगों का कहना है कि सत्येंद्र भंडारी का कार्य प्रदेश के अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
शिक्षक सत्येंद्र भंडारी ने सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए भविष्य में भी प्रयास जारी रहेंगे।
इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे रुद्रप्रयाग जिले और उत्तराखंड का गौरव बढ़ा है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने भी विद्यालय और शिक्षक को बधाई देते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
एक नजर में
- नेशनल लेवल सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट में 95.8 प्रतिशत अंक
- उत्तराखंड में प्रथम स्थान
- राष्ट्रीय स्तर पर 22वीं रैंक
- गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरा विद्यालय
- शिक्षक सत्येंद्र भंडारी की नवाचारी पहल बनी सफलता की आधारशिला
