चमोली : चमोली में खिला मौसम, चटक धूप से बदरीनाथ धाम में लौटी रौनक

Team PahadRaftar

चमोली में खिला मौसम, चटक धूप से बदरीनाथ धाम में लौटी रौनक

संजय कुंवर, चमोली। मानसून की बारिश से लंबे समय से जूझ रहे चमोली जिले की सीमांत नीति-माणा घाटी समेत बदरीनाथ धाम में बुधवार को मौसम ने करवट ली। सुबह से ही चटक धूप खिली रही। मौसम साफ होने से पहाड़ों पर प्राकृतिक नजारे भी निखर उठे।

ज्योतिर्मठ क्षेत्र की पहाड़ियों से लेकर बदरीनाथ धाम तक मौसम खुशनुमा रहा। धूप के बीच बदरीनाथ धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए। मौसम खुलने से धाम में भी अच्छी चहल-पहल नजर आई।

होटल कारोबारी राम नारायण भंडारी ने बताया कि मौसम साफ होने के बाद बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी है। बाजार में भी रौनक बनी रही।

मौसम खुलने का फायदा फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान, हेमकुंड साहिब और बदरीनाथ धाम की यात्रा पर पहुंच रहे पर्यटकों और तीर्थयात्रियों को भी मिल रहा है। चटक धूप के बीच पर्यटक सीमांत क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य और पहाड़ों के मनमोहक दृश्यों का आनंद ले रहे हैं।

वहीं, मानसूनी बारिश के बाद मौसम साफ होने से सीमांत क्षेत्र के काश्तकारों ने भी राहत की सांस ली है। पहाड़ों पर खिली धूप के बीच दूर तक साफ दिखाई दे रही चोटियों और हरी-भरी घाटियों के विहंगम दृश्य लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।

Leave a Reply

Next Post

गौचर : डायट गौचर में 92 शिक्षकों ने सीखे विद्यार्थियों में कौशल विकास के गुर

केएस असवाल गौचर (चमोली) : जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) गौचर में कक्षा-11 की कौशलम पाठ्यचर्या को लेकर तीन दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। सात से नौ सितंबर तक चली कार्यशाला में जिले के राजकीय विद्यालयों से 92 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। कार्यशाला में विद्यार्थियों में उद्यमशील मानसिकता, […]

You May Like