केदारनाथ : अतिक्रमण हटाने के विरोध में हेलीपेड पर गरजे व्यापारी और तीर्थ पुरोहित

Team PahadRaftar

कार्रवाई से प्रभावित लोगों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी, समस्याओं के समाधान की उठाई मांग

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। केदारनाथ धाम में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के विरोध में प्रभावित व्यापारियों और तीर्थ पुरोहितों का आक्रोश बढ़ गया है। शनिवार को बड़ी संख्या में व्यापारियों और तीर्थ पुरोहितों ने हेलीपेड क्षेत्र में धरना देकर शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कार्रवाई को एकतरफा बताते हुए प्रभावित लोगों की आजीविका और हितों को ध्यान में रखते हुए समाधान की मांग उठाई।

धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि केदारनाथ धाम में वर्षों से व्यापार और तीर्थ पुरोहिती से जुड़े लोगों की आजीविका संचालित होती रही है। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से कई व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। उनका कहना था कि कार्रवाई से पहले प्रभावित लोगों के साथ समुचित संवाद किया जाना चाहिए था और उनकी आजीविका को लेकर ठोस व्यवस्था बनाई जानी चाहिए थी।

व्यापारियों ने कहा कि यात्रा व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के नाम पर लिए जा रहे निर्णयों का सीधा असर स्थानीय कारोबारियों पर पड़ रहा है। यात्रा सीजन में व्यापारी देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराते हैं। ऐसे में उनकी आजीविका को लेकर शासन-प्रशासन को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए।

तीर्थ पुरोहित समाज ने भी कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े लोगों के हितों की अनदेखी न करने की मांग की। उन्होंने प्रभावित परिवारों की समस्याओं का स्थायी समाधान करने, कार्रवाई से हुए नुकसान का आकलन करने और भविष्य में किसी भी कार्रवाई से पहले संबंधित पक्षों से वार्ता करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान हेलीपेड क्षेत्र में काफी देर तक नारेबाजी होती रही। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रभावित व्यापारियों और तीर्थ पुरोहित समाज की समस्याओं पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आंदोलन को आगे बढ़ाने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने केदारनाथ धाम के विकास और यात्रा व्यवस्था से जुड़े निर्णयों में स्थानीय हितधारकों की सहभागिता सुनिश्चित करने की मांग भी की।

इस मौके पर व्यापार संघ अध्यक्ष विष्णु रूवाड़ी, पूर्व केदार सभा अध्यक्ष विनोद शुक्ला, पंकज शुक्ला, कृष्णा शुक्ला, अजय जुगरान, नितीन तिवारी, विष्णुकांत शुक्ला सहित बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

ऊखीमठ : सीएम धामी से मिलीं विधायक आशा नौटियाल, स्थानीय स्वरोजगारियों का मुद्दा उठाया

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर रोजगार और आजीविका सुरक्षित रखने की मांग, अधिकारियों को स्थानीय हितों का ध्यान रखने के निर्देश लक्ष्मण नेगी रुद्रप्रयाग। केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र की विधायक आशा नौटियाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर केदारनाथ धाम और पैदल यात्रा मार्ग पर वर्षों से स्वरोजगार कर रहे […]

You May Like