
यूकेडी में प्रकाश भट्ट को मिली केंद्रीय सह मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी, तुंगनाथ घाटी में खुशी
लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने तुंगनाथ घाटी के करोखी रोडू निवासी एवं पार्टी के केंद्रीय मंत्री प्रकाश भट्ट को केंद्रीय सह मीडिया प्रभारी की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी है। नियुक्ति के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल है।
कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय नेतृत्व के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि प्रकाश भट्ट लंबे समय से पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को सक्रियता से उठाते रहे हैं। उनका मानना है कि संगठन के प्रति समर्पण और सक्रिय कार्यशैली को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व दिया गया है, जिससे पार्टी की विचारधारा और जनसरोकारों को प्रदेशभर में प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मदद मिलेगी।
नई जिम्मेदारी मिलने पर प्रकाश भट्ट ने केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती और केंद्रीय कार्यकारिणी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल राज्य के मूल मुद्दों, क्षेत्रीय अस्मिता, पलायन, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्वतीय विकास जैसे विषयों पर लगातार संघर्ष कर रहा है तथा इन मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर काम किया जाएगा और युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जाएगा।
जिला अध्यक्ष बलवीर चौधरी ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने एक सक्रिय और कर्मठ कार्यकर्ता को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर संगठन को मजबूत करने की दिशा में सराहनीय कदम उठाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रकाश भट्ट के नेतृत्व में पार्टी की मीडिया और जनसंपर्क गतिविधियों को नई गति मिलेगी। पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए सफल कार्यकाल की कामना की।
