
बदरीनाथ धाम के कपाट खुले, 15 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
संजय कुंवर
बदरीनाथ। भू-बैकुंठ श्री बदरीनाथ धाम के कपाट गुरुवार सुबह 6:15 बजे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही पूरा धाम “जय बदरी विशाल” के जयघोष से गूंज उठा और भक्तिभाव का माहौल बन गया। पहले ही दिन देश-विदेश से पहुंचे करीब 15 हजार श्रद्धालुओं ने भगवान बदरीविशाल और अखंड ज्योत के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज
कपाटोद्घाटन के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली महाभिषेक पूजा कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने लक्ष्मी मंदिर, गणेश मंदिर और आदि गुरु शंकराचार्य गद्दी में भी विधिवत पूजा-अर्चना की।
बदरी विशाल के भजन गाते महिलाएं
मुख्यमंत्री ने धाम पहुंचे श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए सरकार ने व्यापक तैयारियां की हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। साथ ही उन्होंने यात्रियों से स्वच्छ और हरित यात्रा में सहयोग की अपील भी की।
कपाट खुलने के साथ ही धाम में आस्था और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला। माणा और बामणी गांव की महिलाओं ने पारंपरिक जागरों के साथ झुमैलो नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने भी भजन-कीर्तन कर अपनी श्रद्धा अर्पित की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भंडारे का शुभारंभ किया और श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने भंडारा संचालकों की व्यवस्थाओं की सराहना की।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, बीकेटीसी के सीईओ विशाल मिश्रा, उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, रावल अमरनाथ नंबूदरी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
