चमोली : जोशीमठ पीजी कॉलेज में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ स्वागत, दीक्षारंभ समारोह आयोजित

Team PahadRaftar

जोशीमठ, संजय कुंवर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जोशीमठ में शनिवार को नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के लिए दीक्षारंभ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. डॉ. पंकज कुमार ने की। इस दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं पुष्प वर्षा कर आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

प्राचार्य प्रो. डॉ. पंकज कुमार ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय में प्रवेश केवल नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत नहीं, बल्कि ज्ञान, व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, संस्कार और जीवन निर्माण की नई यात्रा का आरंभ है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि ऐसे जिम्मेदार, नैतिक और सक्षम नागरिक तैयार करना है, जो समाज और राष्ट्र के विकास में सार्थक योगदान दें।

उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का उल्लेख करते हुए कहा कि दीक्षारंभ कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, शोध, नवाचार, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और सामाजिक उत्तरदायित्व से परिचित कराना है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, समय का सदुपयोग, शिक्षकों से सतत संवाद तथा पुस्तकालय एवं प्रयोगशालाओं का अधिकतम उपयोग करने का आह्वान किया।

प्राचार्य ने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों का अपना परिवार है और किसी भी शैक्षणिक या व्यक्तिगत समस्या के समाधान के लिए शिक्षक एवं कर्मचारी सदैव उनके साथ हैं। उन्होंने सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. नवीन पंत ने किया। समारोह में विद्यार्थियों को महाविद्यालय के विभिन्न संकायों, पाठ्य सहगामी प्रकोष्ठों एवं शिक्षण गतिविधियों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : पीपीपी मॉडल से विकसित होंगी पर्यटन परिसंपत्तियां, स्थानीय लोगों को मिलेगी प्राथमिकता

गोपेश्वर, संवाददाता। जनपद चमोली में पर्यटन को नई गति देने और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिला पर्यटन विकास समिति (डीटीडीसी) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पर्यटन अवसंरचना के विस्तार, बंद पड़ी पर्यटन परिसंपत्तियों के बेहतर संचालन और स्थानीय […]

You May Like